Cyber Fraud India: देश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और अब ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने BSF का नाम लेकर एक कंपनी से 26 लाख रुपये की ठगी कर ली। यह घटना उन सभी लोगों के लिए चेतावनी है, जो बिना जांच-पड़ताल के बड़े ट्रांजैक्शन कर देते हैं।
जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु की एक कंपनी जो डिफेंस संगठनों को हार्ड प्लास्टिक केस सप्लाई करती है, उसके पास 9 मार्च को एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को सीमा सुरक्षा बल (BSF) से जुड़ा बताया और प्रोडक्ट के बारे में जानकारी ली। ठग ने अपनी पहचान "अक्षय कुमार" बताई और खुद को BSF के परचेज डिपार्टमेंट का अधिकारी बताया। इसके बाद 11 मार्च को एक फर्जी परचेस ऑर्डर भी भेजा गया, जिससे कंपनी को भरोसा हो गया।
कुछ समय बाद एक और कॉल आया, जिसमें दूसरे आरोपी ने खुद को “कुलदीप सिंह” बताया और अकाउंट डिपार्टमेंट से होने का दावा किया। ठगों ने कंपनी को भरोसा दिलाया कि पूरा पेमेंट प्रोसेस भारतीय सेना के नियमों के अनुसार होगा। विश्वास जीतने के लिए पहले 10 और फिर 20 रुपये का छोटा ट्रांजैक्शन भी किया गया, जिससे कंपनी को शक नहीं हुआ।
21 मार्च को ठगों ने कंपनी को अलग-अलग बैंक खातों में RTGS, NEFT और IMPS के जरिए पैसे ट्रांसफर करने के लिए मना लिया। हैरानी की बात यह है कि एक बार 4.48 लाख रुपये वापस भी किए गए, जिससे कंपनी का भरोसा पूरी तरह मजबूत हो गया और उन्होंने बड़ी रकम ट्रांसफर कर दी।
कंपनी ने कुल 26,22,391 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने अपना फोन बंद कर लिया और संपर्क पूरी तरह खत्म हो गया। जब कंपनी को सच्चाई का एहसास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इसके बाद साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस जांच में जुट गई है।
यह मामला साफ दिखाता है कि ठग अब सरकारी संस्थाओं के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में जरा सी लापरवाही आपके खाते से लाखों रुपये गायब कर सकती है।