

Chhatrapati Sambhajinagar Cyber Awareness: छत्रपति संभाजीनगर डिजिटल लेन-देन के बढ़ते प्रचलन के साथ साइबर ठगी के मामलों में भी लगातार वृद्धि हो रही है, ऐसे में गंगापुर में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बोएफएल की ओर से 'नॉकआउट डिजिटल फ्रॉड कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो देश के 100 शहरों में चलाया जा रहा है।
यह पहल 2024 में भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से एनबीएफसी के लिए जारी धोखाधड़ी जोखिम प्रबंधन दिशा-निर्देशों के अनुरूप है। पुलिस निरीक्षक कुमार सिंह राठौड़ ने नागरिकों से 'क्लिक करने से पहले सोचें का संदेश देते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या संदेश का जवाब देने से पहले उसकी सत्यता जांच लें।
लापरवाही से साझा की गई व्यक्तिगत जानकारी अपराधियों के हाथ लग सकती है। पहले 60 मिनट 'गोल्डन अवर होते हैं व इस अवधि में शिकायत दर्ज कराने पर लगभग 90 प्रतिशत राशि वापस मिलने की संभावना रहती है।
कार्यक्रम में फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, व्हाट्सएप समूह, नकली वित्तीय संस्थान व जाली वेबसाइटों के माध्यम से खुद को कर्मचारी बताकर ठगी करने वाले अपराधियों के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी गई।
ओटीपी, पिन या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध ई-मेल, एसएमएस, लिंक या क्यूआर कोड पर क्लिक न करें। अज्ञात स्रोतों से ऐप डाउनलोड करने से बचें, ठगी का संदेह होते ही तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।