सिडनी स्वीनी और एमी हंट (सोर्स - सोशल मीडिया)
खेल

सिडनी स्वीनी के विज्ञापन पर भड़कीं महिला एथलीट, बोलीं- खेलों में महिलाओं की असली पहचान मेहनत और समर्पण है

Novig Ad Controversy: सिडनी स्वीनी के खेल सट्टेबाजी विज्ञापन पर महिला एथलीटों ने गुस्सा जताया है। उन्होंने खेलों में महिलाओं के यौन चित्रण को गलत बताते हुए मेहनत को असली पहचान कहा।

सृष्टि मौर्य

Female Athletes React To Sydney Sweeney Ad: अमेरिकी अभिनेत्री सिडनी स्वीनी के एक खेल सट्टेबाजी विज्ञापन को लेकर महिला खिलाड़ियों और ओलंपिक एथलीटों ने नाराजगी जताई है। खिलाड़ियों का आरोप है कि विज्ञापन में महिलाओं के खेल को कमतर दिखाने और उनके शरीर को यौन तरीके से पेश करने की कोशिश की गई है।

ये विज्ञापन खेल भविष्यवाणी कंपनी नोविग के लिए बनाया गया है। जारी होने के पहले 2 दिनों में इसे 2.2 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया। विज्ञापन में स्वीनी का शरीर फुटबॉल, बास्केटबॉल और दूसरे खेल उपकरणों से ढका हुआ दिखाई देता है। वह दर्शकों से सिर्फ खेलों पर दांव लगाने की बात कहती हैं। बाद में वह बिना कपड़ों के ऊपरी हिस्से के एक बिलियर्ड टेबल पर दिखाई देती हैं।

एमी हंट सबसे पहले उठाई आवाज

विज्ञापन के खिलाफ ब्रिटेन की धावक एमी हंट ने सबसे पहले प्रमुख रूप से आवाज उठाई। हाल ही में यूरोपीय चैंपियनशिप में 4 स्वर्ण पदक जीतने वाली हंट ने महिलाओं के खेल की असली तस्वीर दिखाते हुए कहा कि महिला खिलाड़ी मांसपेशियों, मेहनत, खून-पसीने और आंसुओं के साथ मैदान पर उतरती हैं।

हंट ने ये भी बताया कि महिला खिलाड़ियों के लिए खेल हमेशा सुंदर या आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि कई बार खिलाड़ी कठिन शारीरिक परिस्थितियों के बावजूद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती हैं। उन्होंने अपनी माहवारी का उदाहरण देते हुए बताया कि चैंपियनशिप से ठीक पहले उनकी माहवारी शुरू हो गई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

सोफी कैपवेल ने भी आलोचना

ब्रिटेन की ओलंपिक साइकिलिंग स्वर्ण पदक विजेता सोफी कैपवेल ने भी विज्ञापन की आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसी दुनिया की कल्पना नहीं की जा सकती, जहां खेलों में महिलाओं को देखने का सबसे लोकप्रिय तरीका उनका यौन चित्रण न हो। ऑस्ट्रेलिया की 4 बार की ओलंपिक तैराकी चैंपियन एरियर्न टिटमस ने भी विज्ञापन पर गुस्सा जाहिर किया।

उन्होंने कहा कि ये उन महिलाओं के लिए अपमान जैसा है, जिन्होंने अपने खेल में बेहतर बनने के लिए पूरी जिंदगी मेहनत की है। उन्होंने टीमवर्क, दोस्ती, समर्पण, बेहतरीन प्रदर्शन और एकता को खेल की असली पहचान बताया।

सिडनी स्वीनी ने तस्वीरें शेयर की

विवाद के बीच सिडनी स्वीनी ने कुछ ऐसी तस्वीरें साझा कीं, जिनमें सेरेना विलियम्स, मेगन रैपिनो और सू बर्ड जैसी महिला खिलाड़ियों समेत कई मशहूर खिलाड़ी बिना कपड़ों के पत्रिकाओं के लिए तस्वीरें खिंचवा चुके हैं। इसे उनके विज्ञापन को लेकर हो रही आलोचना के जवाब के रूप में देखा गया।

जनसंपर्क विशेषज्ञ मार्क बोर्कोव्स्की ने विज्ञापन को काफी विवादित बताया। उनके अनुसार, इस तरह के विज्ञापन से कंपनी को बहुत ज्यादा लोगों का ध्यान जरूर मिल सकता है, लेकिन लंबे समय में इससे स्वीनी की छवि पर असर पड़ने का खतरा भी है।

वहीं, नोविग के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जैकब फोर्टिन्स्की ने विज्ञापन का बचाव किया। उन्होंने कहा कि स्वीनी दर्शकों का ध्यान खींचने में सफल हैं और विज्ञापन ने कंपनी को देशभर में चर्चा के केंद्र में ला दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी की सेवा केवल 21 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए है।

राष्ट्रीय एकता दिवस 2026: पीएम मोदी के भाषण की 10 बड़ी बातें, बोले- भारत अब रुकने वाला नहीं

Bank Holidays November 2026: नवंबर में 16 दिन बंद रहेंगे बैंक! देखें छुट्टियों की पूरी लिस्ट

INDIA Bloc Jan Mahabhiyog: ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जन महाभियोग प्रस्ताव पास, किसने क्या कहा?

जेल से बाहर आते ही आजम खान को ED ने किया गिरफ्तार, किस मामले में हुई कार्रवाई?

ज्ञानेश को लगता है मोदी-शाह बचा लेंगे, मॉक संसद में क्या बोले राहुल गांधी?