Rafael Marquez Named Mexico Head Coach Until 2030: मेक्सिको फुटबॉल फेडरेशन (FMF) ने दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान राफेल मार्केज को राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का नया हेड कोच चुना है। 47 वर्षीय मार्केज साल 2030 तक इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने जेवियर एगुइरे की जगह ली है, जिन्होंने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में इंग्लैंड से 2-3 की हार के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
एफएमएफ ने अपने बयान में कहा कि राफेल मार्केज के हेड कोच के औदे की नियुक्ति पहले से ही तय थी और ये फैसला लंबी योजना का हिस्सा है। फेडरेशन बताते हुए कहा कि उनका अहम उद्देश्य पिछले विश्व चक्र में हुए काम को आगे बढ़ाना, टीम के प्रदर्शन को और बेहतर बनाना और आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए मजबूत तैयारी करना है।
राफेल मार्केज मेक्सिको के सबसे सफल फुटबॉल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में देश के लिए 148 मैच खेले और कई बड़े टूर्नामेंटों में टीम की कप्तानी की। जुलाई 2024 से वह जेवियर एगुइरे के साथ सहायक कोच के रूप में काम कर रहे थे। अब पहली बार उन्हें राष्ट्रीय टीम की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तीन बार मेक्सिको के हेड कोच रह चुके जेवियर एगुइरे का ये तीसरा कार्यकाल करीब दो साल तक चला इस दौरान मेक्सिको ने 2025 में कॉनकाकाफ गोल्ड कप और नेशंस लीग का खिताब जीता। उनके नेतृत्व में टीम ने 50 मैच खेले, जिनमें 33 में जीत हासिल की, 9 मुकाबले ड्रॉ और सिर्फ 8 मैचों में हार मिली। एफएमएफ ने कहा कि एगुइरे ने मेक्सिको फुटबॉल के लिए एक मजबूत विरासत छोड़ी है।
ये भी पढ़े:- एमबाप्पे से माफी की मांग, नहीं माने तो कानूनी कार्रवाई की चेतावनी; पैराग्वे की सीनेटर का बड़ा बयान
इंग्लैंड से हार के बाद जेवियर एगुइरे ने अपने विदाई के समय अपने बयान में संकेत दिया था कि राफेल मार्केज ही टीम के अगले कोच होंगे। उन्होंने कहा था कि उन्होंने मार्केज को गले लगाकर शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि आने वाले चार सालों में वो टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।