मोहम्मद शमी सोर्स - सोशल मीडिया
खेल

शमी का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास, जिस तारीख को किया था डेब्यू, ठीक 13 साल बाद उसी दिन कहा अलविदा, कैसा रहा सफर

Mohammed Shami Test Stats: तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 6 नवंबर 2013 को डेब्यू करने वाले शमी ने ठीक 13 साल बाद इसी तारीख को रेड बॉल क्रिकेट को अलविदा कहा।

राहुल उपाध्याय

Highlights:

  • भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास

  • मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट सफर में 6 नवंबर की तारीख रहा अनोखा

  • शमी ने डेब्यू 6 जनवरी 2013 को वनडे क्रिकेट से पाकिस्तान के खिलाफ किया था

Mohammed Shami Test Cricket Retirement: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक बेहद भावुक वीडियो और पोस्ट शेयर करते हुए शमी ने अपने इस बड़े फैसले की जानकारी दी।

उन्होंने लिखा कि मैं सफेद जर्सी तो छोड़ रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी। जब मैंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब मेरा बस एक ही सपना था अपने देश के लिए कुछ कर दिखाना।

6 नवंबर की तारीख से शमी का है खास कनेक्शन

दरअसल, मोहम्मद शमी के टेस्ट क्रिकेट सफर में 6 नवंबर की तारीख का एक अनोखा संयोग जुड़ा है। शमी ने 6 नवंबर 2013 को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर अपना टेस्ट डेब्यू किया था।

ठीक 13 साल बाद, 6 नवंबर को ही उन्होंने टेस्ट फॉर्मेट से अपने रिटायरमेंट का ऐलान किया। 36 वर्षीय तेज गेंदबाज ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी का सबसे खास हिस्सा रहा है। उन्होंने इस सफर में साथ देने के लिए BCCI और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) का आभार जताया।

शमी ने पाकिस्तान के खिलाफ किया था डेब्यू

मोहम्मद शमी ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू 6 जनवरी 2013 वनडे क्रिकेट से पाकिस्तान के खिलाफ किया था। इसके बाद उन्हें उसी साल टेस्ट में भी डेब्यू करने का मौका मिला था। शमी के टेस्ट डेब्यू की तारीख 6 नवंबर 2013 थी, उन्होंने पहला मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला था।

कैसा रहा मोहम्मद शमी का टेस्ट करियर?

आपको बता दें कि लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी ने अपना आखिरी टेस्ट मैच जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उन्होंने भारत के लिए कुल 64 टेस्ट मैच खेले, जिसमें 27.71 की शानदार औसत से 229 विकेट चटकाए।

इस दौरान उन्होंने 6 बार एक पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया। गेंदबाजी के अलावा शमी ने निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करते हुए 750 रन भी बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं।

शमी अब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आएंगे नजर

मोहम्मद शमी पिछले कुछ समय से भारतीय टेस्ट टीम में वापसी की कोशिशों के तहत बंगाल के लिए लगातार घरेलू क्रिकेट खेल रहे थे। पिछले रणजी सीजन में उन्होंने 36 विकेट और मौजूदा सीजन के 3 मैचों में 14 विकेट झटके थे।

टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद अब शमी का पूरा फोकस व्हाइट बॉल यानी सीमित ओवरों के क्रिकेट पर है। उन्हें 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए बंगाल की 19 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है, जहां बंगाल का पहला मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में कर्नाटक के खिलाफ होगा।

तेल कंपनियों ने E20 ईंधन की गुणवत्ता मानकों की पुष्टि की, कर्नाटक सरकार के दावों को लेकर उठाए सवाल

अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन पर आधी रात को हंगामा, कालीघाट आवास के बाहर TMC-BJP समर्थकों में झड़प, कई घायल

Weather Update: दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी, 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, जानें दिल्ली का मौसम

वोटर लिस्ट से कट गया नाम? दिल्ली-महाराष्ट्र समेत 7 राज्यों में चुनाव आयोग ने दिया दोबारा जुड़वाने का मौका

UP-बिहार जाने वाली ट्रेनों में बढ़ी भीड़, रेलवे को चलानी होंगी और स्पेशल ट्रेनें; उधना से चलेगी जनरल ट्रेन