Lionel Messi Retirement: लियोनेल मेसी अब अर्जेंटीना की जर्सी पहने हुए नज़र नहीं आएंगे। उन्होंने ब्यूनस आयर्स के एस्टाडियो मास मॉन्यूमेंटल में बेनिन के खिलाफ नेशनल टीम के लिए अपना आखिरी मैच खेला। मेसी का जादू पूरी तरह से देखने को मिला। उन्होंने मैच के दौरान एक गोल किया और दो असिस्ट भी दिए।
मेसी अपने आखिरी मैच की शुरुआत से ही भावुक दिखे। अपने स्टार खिलाड़ी को आखिरी बार अर्जेंटीना की जर्सी में देखने के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ी और स्टेडियम खचाखच भर गया। किक-ऑफ से पहले, रिवर प्लेट के प्रेसिडेंट ने मेसी को सम्मानित किया।
अर्जेंटीना के इस दिग्गज खिलाड़ी को क्लब की मानद सदस्यता, एक यादगार पट्टिका और एक खास जर्सी भेंट की गई। बेनिन की टीम ने भी उन्हें एक खास तोहफा दिया। 10वें मिनट में खेल रुकने के दौरान लियोनेल मेसी के सम्मान में एक खास समारोह आयोजित किया गया, जिसमें बेनिन के खिलाड़ी उनसे हाथ मिलाते दिखे।
मेसी के विदाई मैच का नाम 'द लास्ट टैंगो' रखा गया था। अर्जेंटीना के लिए 2022 फीफा वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के सदस्य और मेसी का परिवार भी मैच देखने के लिए स्टेडियम में मौजूद थे। मेसी अपने आखिरी इंटरनेशनल मैच में शानदार फॉर्म में दिखे और दूसरे हाफ में निकोलस ओटामेंडी को गोल करने में मदद की।
इस गोल से अर्जेंटीना टीम को 1-0 की बढ़त मिली। बाद में, 61वें मिनट में निको पाज ने बेनिन के डिफेंस को भेदते हुए अर्जेंटीना के लिए दूसरा गोल किया। जिस पल का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वह 71वें मिनट में आया। मेसी ने एक जबरदस्त पेनल्टी मारकर मैच का अपना पहला और अर्जेंटीना का तीसरा गोल किया।
मेसी का शॉट गोलपोस्ट के ऊपरी दाहिने कोने में गया। मैच के आखिरी पलों में अर्जेंटीना ने गोल करने की कई और कोशिशें कीं लेकिन सफल नहीं हो सके। मेसी ने अर्जेंटीना के लिए कुल 208 मैच खेले हैं, जिनमें 126 गोल और 69 असिस्ट किए हैं।
मैच खत्म होने के बाद मेसी, खिलाड़ी और फैंस सभी भावुक दिखे। गौर करने वाली बात है कि मेसी ने 31 अगस्त, 2026 को इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की थी। इसके बाद, अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन ने उनसे एक आखिरी विदाई मैच खेलने का अनुरोध किया था।
- एजेंसी इनपुट के साथ