हार का दर्द बयां कर भावुक हुए लियोनेल मेसी, बोले- ये जख्म भरने में वक्त लगेगा; स्पेन को दी बधाई

Lionel Messi Post: फीफा वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में स्पेन से हार के बाद लियोनेल मेसी हुए भावुक। मेसी ने पोस्ट करते हुए कि इस जख्म को भरने में वक्त लगेगा और स्पेन को जीत की बधाई दी।
An emotional Lionel Messi opened up about the pain of defeat, saying it would take time for the wound to heal; he also congratulated Spain.
लियोनेल मेसी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Lionel Messi Posts On FIFA World Cup Loss: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन से हारने के बाद अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने पहली बार अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। स्पेन के खिलाफ मिली हार के बाद मेसी ने कहा कि इस हार का दर्द बहुत बड़ा है और इस जख्म को भरने में समय लगेगा। हालांकि उन्होंने अपने साथियों, अर्जेंटीना के प्रशंसकों और पूरे देश का समर्थन करने के लिए आभार भी जताया। साथ ही उन्होंने विश्व कप जीतने पर स्पेन की टीम को बधाई दी।

ये दर्द बहुत बड़ा है - मेसी

लियोनेल  मेसी ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'दर्द बहुत बड़ा है और इस जख्म को भरने में वक्त लगेगा। लेकिन मैं उन सभी खूबसूरत पलों को याद रखना चाहता हूं, जब हमने पूरी ताकत से मुकाबले पलटे और ऐसे पल बनाए जो हमेशा हमारी यादों में रहेंगे। पूरे देश के समर्थन और इस टीम की मेहनत ने हमें एक बार फिर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में खड़ा किया।'

उन्होंने आगे लिखा, 'आज शायद ये समझ पाना मुश्किल है कि हमने क्या हासिल किया, लेकिन ये टीम लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल तक पहुंची। हर संदेश और शुभकामना के लिए दिल से धन्यवाद। हमने एक बार फिर पूरे देश को एकजुट किया। मैं विश्व कप जीतने पर स्पेन को भी बधाई देता हूं।'

फाइनल में स्पेन ने तोड़ा अर्जेंटीना का सपना

रविवार को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए फाइनल में स्पेन ने अतिरिक्त समय में अर्जेंटीना को हराकर विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। मुकाबले का एकमात्र गोल फेरान टोरेस ने 106वें मिनट में किया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अर्जेंटीना की टीम पूरे 120 मिनट में एक भी शॉट लक्ष्य पर नहीं लगा सकी।

रजत पदक लेते समय मेसी हुए भावुक

हार के बाद मेसी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से रनर-अप का सिल्वर मेडल लिया। पोडियम से उतरते समय वो भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू साफ दिखाई दिए। स्टेडियम से खिलाड़ियों की सुरंग की ओर जाते हुए मेसी का चेहरा अर्जेंटीना की निराशा को बयां कर रहा था।

मेसी ने स्पेन बेहतर टीम बताया

मैच के बाद मेसी ने स्वीकार किया कि स्पेन ने बेहतर खेल दिखाया। उन्होंने कहा, 'मैं दुखी हूं, लेकिन मुझे इस बात का एहसास है कि हमने अपना सब कुछ झोंक दिया। सच कहूं तो स्पेन बेहतर टीम थी। हमने मैच गंवा दिया और हम इसे स्वीकार करते हैं। लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि हम इस पूरे सफर को भूल जाएंगे। मैं अपने देश, अपने खिलाड़ियों और सभी समर्थकों का धन्यवाद करना चाहता हूं।'

लगातार दो बार फाइनल खेलने वाली टीम बनी अर्जेंटीना

हालांकि अर्जेंटीना खिताब बचाने में नाकाम रहा, लेकिन टीम लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचने में सफल रही। मेसी के नेतृत्व में अर्जेंटीना ने एक बार फिर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में अपनी जगह बनाई, लेकिन इस बार स्पेन ने उनका सपना तोड़ दिया। अब ये देखना दिलचस्प होगा कि 39 वर्षीय लियोनेल मेसी अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर आगे क्या फैसला लेते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com