Indian Under 18 Hockey Team Create History: भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम ने अंडर-18 एशिया कप 2026 में गोल की बौछार कर दी। टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अपने बेहतरीन प्रदर्शन को जारी रखते हुए सिंगापुर को 25-0 के बहुत बड़े अंतर से हराया। ये मुकाबला पूल-ए के तहत खेला जा रहा था और इसमें भारतीय टीम ने सिंगापुर पर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारत की शेरनियों ने हॉकी में इतिहास रच दिया है।
दूसरी तरफ सिंगापुर पर एकतरफा जीत दर्ज करने के साथ-साथ टीम इंडिया ने एशिया कप 2026 में अपने जबरदस्त प्रदर्शन से पूल-ए में सभी मैचों की जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई भी कर लिया है। गौरतलब है कि ये जीत अंडर-18 स्तर पर भारतीय टीम के सबसे बड़ी साबित हुई।
इस विशाल जीत के साथ ही भारतीय महिला टीम ने एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं, टीम का मनोबल भी सातवें आसमान पर है। अब टीम सेमीफाइनल मैच के लिए पूरी तरह से तैयार नजर आ रही है। टीम के कोच ने इस धांसू प्रदर्शन के बाद खुशी जताते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी अपनी योजनाओं को मैदान पर बखूबी उतार रहे हैं। ये बात आगामी नॉकआउट मुकाबले के लिए शुभ संकेत है।
भारतीय टीम की स्टार खिलाड़ी नम्मी गीताश्री ने पूरे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर की रक्षा पंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उन्होंने अकेले 5 गोल दागकर टीम की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारतीय आक्रमण लगातार सिंगापुर पर हावी रहा और विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं मिला।
भारत की युवा खिलाड़ी दीया ने भी अपने शानदार खेल से सभी का ध्यान खींचा। उन्होंने 27वें, 32वें और 53वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में तेज और आक्रामक खेल दिखाया, जिससे सिंगापुर की टीम लगातार दबाव में नजर आई।
ये भी पढ़ें: World Bicycle Day पर मनसुख मांडविया का युवाओं को बड़ा संदेश, कहा- साइकिल को दैनिक जीवन में करें शामिल
भारतीय टीम की सामूहिक ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुल 10 खिलाड़ियों ने गोल दागे। प्रियंका मिंज, नैन्सी सरोहा, श्रुति कुमारी, रशमीन कौर, पुष्पा मांझी और संदीप कुमारी ने भी एक-एक गोल कर जीत में योगदान दिया। सभी खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने सिंगापुर को 25-0 से हराकर एक यादगार और एकतरफा जीत दर्ज की।