पाकिस्तान में पहली बार होगा ICC महिला टी-20 विश्व कप
भारत और पाकिस्तान के मुकाबले 'हाइब्रिड मॉडल' खेला जाएगा
इस मेगा इवेंट की मेजबानी से पाकिस्तान को मिलेगा आर्थिक फायदा
India vs Pakistan Cricket 2028: पाकिस्तान में 7 सितंबर से 1 अक्टूबर 2028 तक महिला टी-20 वर्ल्ड कप खेला जाएगा। टी-20 विश्व कप की मेजबानी पहली बार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को मिली है। 12 टीमों के इस बड़े टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक तनाव के कारण इस बार भी टूर्नामेंट 'हाइब्रिड मॉडल' पर खेला जा सकता है। पाकिस्तान चाहता है कि भारत के मुकाबलों को छोड़कर बाकी पूरे टूर्नामेंट का आयोजन उसके देश में हो, जबकि टीम इंडिया के मैच UAE में कराए जाएं।
दरअसल, भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक और कूटनीतिक तनाव के कारण दोनों देशों की टीमें 2012 के बाद से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेल रही हैं। भारत ने 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी पाकिस्तान जाने से साफ इनकार कर दिया था, जिसके बाद ICC ने 19 दिसंबर 2024 को आधिकारिक तौर पर हाइब्रिड मॉडल की पुष्टि की थी। उसी व्यवस्था को दोहराते हुए, PCB इस महिला वर्ल्ड कप के लिए भी आईसीसी से हाइब्रिड मॉडल अपनाने का आग्रह करेगा।
एक PCB अधिकारी के मुताबिक, पाकिस्तान से दुबई की दूरी बेहद कम है। ऐसे में खिलाड़ियों की यात्रा, होटल बुकिंग और परिवहन का इंतजाम करना काफी आसान हो जाता है। न्यूट्रल वेन्यू के रूप में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सबसे उपयुक्त और किफायती विकल्प है, जिससे आयोजन का अतिरिक्त खर्च भी नियंत्रित रहेगा।
आपको बता दें कि भारतीय महिला टीम दुनिया की सबसे मजबूत और शीर्ष रैंकिंग वाली टीमों में से एक है। ऐसे में टूर्नामेंट के नॉकआउट (सेमीफाइनल और फाइनल) वेन्यू को तय करने में भारत के प्रदर्शन की अहम भूमिका होगी।
अगर भारत फाइनल में पहुंचता है तो खिताबी मुकाबला भी पाकिस्तान से बाहर किसी न्यूट्रल वेन्यू (जैसे दुबई) पर शिफ्ट करना होगा। वहीं अगर भारत फाइनल में नहीं पहुंचता है तो PCB अधिकारी के अनुसार, खिताबी मुकाबले की मेजबानी लाहौर को सौंपी जा सकती है। हालांकि, इस पर अभी ICC की अंतिम मुहर लगनी बाकी है।
इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें से 10 टीमों का फैसला हो चुका है। 2026 वर्ल्ड कप के प्रदर्शन के आधार पर ऑस्ट्रेलिया, भारत, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और श्रीलंका।
डायरेक्ट एंट्री: मेजबान होने के नाते पाकिस्तान को सीधी जगह मिली है। वहीं, आईसीसी रैंकिंग की कट-ऑफ तारीख के आधार पर आयरलैंड ने क्वालीफाई किया है।
बाकी 2 टीमें: इनका फैसला 10 टीमों के बीच होने वाले ग्लोबल क्वालिफायर से होगा।
भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट रिश्तों में आई इस दूरी की सबसे बड़ी वजह सुरक्षा और सीमा पार का तनाव है। अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले जिसमें 26 लोगों की जान गई थी और उसके बाद भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के चलते सैन्य तनाव चरम पर पहुंच गया। इसका सीधा असर मैदान पर भी दिखा।
पुरुष टीम का रुख: सितंबर 2025 में हुए एशिया कप के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस या मैच के बाद हाथ नहीं मिलाया था।
महिला टीम का रुख: अक्टूबर 2025 में कोलंबो में हुए वनडे वर्ल्ड कप में भी भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और पाक कप्तान फातिमा सना ने टॉस के समय हाथ मिलाने की परंपरा से दूरी बना ली थी।
इस मेगा इवेंट की मेजबानी से पाकिस्तान में महिला क्रिकेट की तस्वीर बदल सकती है। आईसीसी से मिलने वाले आयोजन शुल्क और फंड से पीसीबी को बड़ा आर्थिक सहारा मिलेगा। बोर्ड का मानना है कि इससे देश में महिला क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा और अगले दो वर्षों में उनकी टीम एक मजबूत इकाई के रूप में निखर कर सामने आएगी।