Vaibhav Sooryavanshi Viral Video: राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपने प्रदर्शन और बेबाक अंदाज से सुर्खियां बटोर ली हैं। IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में भले ही वह सिर्फ 11 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन उन्होंने इस सीजन में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
वैभव अब आईपीएल इतिहास में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 500 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। साथ ही वह सबसे कम उम्र में इस उपलब्धि को हासिल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं।
मैच के बाद जब उनसे पूछा गया कि उनकी सोच इतनी निडर कैसे रहती है, तो उन्होंने बेहद सरल जवाब दिया “दिमाग में कुछ नहीं चलता, हम मैच से पहले भी कार्टून देखते हैं।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया है।
इसके बाद उन्होंने भोजपुरी में भी बातचीत की, जिसमें उन्होंने कहा कि टीम का लक्ष्य हर मैच जीतकर 2 अंक लेना और आगे बढ़ना है। उनका यह देसी अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
आंकड़ों की बात करें तो इस सीजन में वैभव अब तक 7 मैचों में 254 रन बना चुके हैं, उनका स्ट्राइक रेट 220.86 और औसत 36.29 है। वह इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं और ऑरेंज कैप की रेस में चौथे स्थान पर हैं। उनके प्रदर्शन को देखते हुए क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच चर्चा है कि अगर यही फॉर्म जारी रहा तो जल्द ही उन्हें भारतीय टीम की जर्सी में भी देखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें- IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स का धमाका, 160 रन का टारगेट सफलतापूर्वक किया डिफेंड, पॉइंट्स टेबल में लगाई लंबी छलांग
लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच IPL 2026 का 32वां मुकाबला 22 अप्रैल को खेला गया। इस रोमांचक मैच में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और एक बार फिर जीत की राह पर लौट आई। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह मैच एक और निराशा लेकर आया, क्योंकि टीम को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान ने इस मुकाबले में लखनऊ को 40 रन से हराकर महत्वपूर्ण दो अंक अपने नाम किए।