पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर और कपिल देव सोर्स- सोशल मीडिया
क्रिकेट

जब पैसों के लिए भिड़े थें गावस्कर-कपिल देव, गुस्से में 'लिटिल मास्टर' ने टीम से निकाला; 25 साल बंद रही बातचीत

Sunil Gavaskar Kapil Dev Rift: भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव के बीच 1984 में पैसों को लेकर बड़ा विवाद हुआ था। ऐसे में दोनों के बीच 25 साल तक बातचीत बंद रही।

राहुल उपाध्याय

Highlights:

  • 1984 के एक टूर्नामेंट की फीस को लेकर दोनों में मतभेद शुरू हुए।

  • इसके बाद गावस्कर की कप्तानी में कपिल के ड्रॉप होने से रिश्ता टूट गया।

  • यह कड़वाहट 25 साल बाद 1983 वर्ल्ड कप की सिल्वर जुबली पर खत्म हुई।

Sunil Gavaskar Kapil Dev Controversy: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में जब भी सबसे बड़े नामों की गिनती होती है, तो सुनील गावस्कर और कपिल देव का जिक्र सबसे पहले आता है। एक ने अपनी कप्तानी में भारत को पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनाया, तो दूसरे ने टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार रन बनाकर पूरी दुनिया में अपना लोहा मनवाया।

मैदान पर दोनों ने साथ मिलकर देश को कई यादगार जीत दिलाई, लेकिन ड्रेसिंग रूम के बाहर इनके रिश्ते हमेशा सहज नहीं रहे। बहुत कम लोग जानते हैं कि इन दोनों दिग्गजों के बीच एक बार पैसों को लेकर ऐसा विवाद हुआ था, जिसकी कड़वाहट अगले 25 सालों तक बनी रही।

वाराणसी के एक टूर्नामेंट से शुरू हुआ था विवाद

दरअसल, यह पूरा किस्सा साल 1984 का है, जब वाराणसी में एक सिंगल विकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। उस दौर में भारतीय खिलाड़ियों को एक इंटरनेशनल मैच खेलने के लिए महज 1,500 रुपये फीस के तौर पर मिलते थे।

ऐसे में किसी लोकल टूर्नामेंट से मिलने वाली रकम खिलाड़ियों के लिए काफी मायने रखती थी। इसी टूर्नामेंट की मैच फीस के बंटवारे को लेकर गावस्कर और कपिल देव आमने-सामने आ गए थे।

फीस के अंतर ने बढ़ाई दूरियां

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए सुनील गावस्कर को 10,000 रुपये दिए गए थे, जबकि कपिल देव को 7,000 रुपये मिले थे। बात यहीं खत्म नहीं हुई। टूर्नामेंट के बाद होटल में एक कार्यक्रम रखा गया, जहां किसी सदस्य ने यह बात कह दी कि गावस्कर को अलग से 40,000 रुपये अतिरिक्त दिए गए हैं। बस, इसी बात ने आग में घी डालने का काम किया और दोनों दिग्गजों के बीच गहरी नाराजगी पैदा हो गई।

गुस्से में कपिल देव को कर दिया था टीम से ड्रॉप

पैसों को लेकर शुरू हुई यह अनबन जल्द ही क्रिकेट के मैदान तक पहुंच गई। इसी साल (1984) इंग्लैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी और टेस्ट सीरीज के दौरान टीम की कमान सुनील गावस्कर के हाथों में थी।

इस सीरीज के एक मैच में गावस्कर ने अचानक कपिल देव को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया। क्रिकेट के गलियारों में इस फैसले से हड़कंप मच गया था। कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि गावस्कर ने वाराणसी विवाद की नाराजगी के चलते ही कपिल को बाहर का रास्ता दिखाया था।

25 सालों तक नहीं हुई कोई बातचीत

आपको बता दें कि इस घटना के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच ऐसी दरार पड़ी कि अगले 25 सालों तक इन्होंने आपस में ठीक से बात तक नहीं की। हालांकि, समय के साथ दोनों दिग्गजों ने पुरानी बातों को पीछे छोड़ दिया और आज वे एक-दूसरे का काफी सम्मान करते हैं। लेकिन 1984 का वह विवाद आज भी भारतीय क्रिकेट के सबसे चर्चित किस्सों में गिना जाता है।

Jagadish Chandra Bose: कौन थे जगदीश चंद्र बोस? जिनके प्रयोगों ने दुनिया को दिखाई विज्ञान की नई राह

Weather Today: दिल्ली में धुंध, बिहार-UP में घना कोहरा और दक्षिण भारत में बारिश, माउंट आबू में पारा शून्य

शिव-पार्वती की तस्वीर पर सियासी घमासान के बीच संत का राहुल को खुला पत्र, समझाया शिव-शक्ति मिलन का गूढ़ रहस्य

Today Breaking News: एक क्लिक में पढ़ें 23 नवंबर की 10 बड़ी खबरें फटाफट अंदाज में

बिसलेरी के पानी को जांच में क्यों बताया गया असुरक्षित? FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की दी मंजूरी