

24 नवंबर को तिलक वर्मा की कप्तानी में इंडिया ए का सामना यूएई से होगा।
सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए यह आखिरी ग्रुप-बी मैच भारत के लिए बेहद अहम है।
पाकिस्तान ए से मिली हार के बाद टीम इंडिया जीत के साथ जोरदार वापसी करने उतरेगी।
Rising Stars Asia Cup IND A vs UAE 2026: एसीसी पुरुष एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का रोमांच अब अपने आखिरी ग्रुप चरण में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट के 11वें मुकाबले में मंगलवार, 24 नवंबर को तिलक वर्मा की कप्तानी वाली भारतीय ए टीम का सामना संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से होने जा रहा है।
सेमीफाइनल की दौड़ को देखते हुए ग्रुप-बी का यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद अहम है। पाकिस्तान ए के खिलाफ पिछले मैच में मिली हार के बाद टीम इंडिया ए इस मुकाबले में जीत दर्ज कर जोरदार वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
आपको बता दें कि भारत ए और यूएई के बीच यह 50 ओवर का मुकाबला कतर की राजधानी दोहा के यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। स्थानीय समयानुसार मैच की शुरुआत सुबह 9:00 बजे होगी, जबकि भारतीय समयानुसार यह मैच सुबह 11:30 बजे शुरू होगा। टॉस मैच शुरू होने से ठीक आधा घंटा पहले यानी सुबह 11:00 बजे होगा।
क्रिकेट फैंस इस मुकाबले का सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स टेन नेटवर्क के चैनलों पर देख सकते हैं। इसके अलावा, मोबाइल और लैपटॉप पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। वहीं इसके अलावा मैच से जुड़े ताजा स्कोर और लाइव अपडेट्स के लिए फैंस नवभारत लाइव ब्लॉग पर नजर रख सकते हैं।
ग्रुप-बी में भारत ए ने अब तक दो मैच खेले हैं, जिसमें उसे नेपाल के खिलाफ 306 रनों की बड़ी जीत मिली थी, जबकि पाकिस्तान ए के हाथों 48 रनों से हार झेलनी पड़ी। बेहतर नेट रन रेट (+2.580) के साथ भारत फिलहाल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।
ऐसे में यूएई को हराकर भारत अपनी सेमीफाइनल की सीट पक्की करना चाहेगा। दूसरी ओर, शुरुआती दोनों मैच हार चुकी यूएई की टीम सम्मान बचाने और उलटफेर करने के उद्देश्य से मैदान में उतरेगी।
टीम इंडिया ए: तिलक वर्मा (कप्तान), अभिषेक शर्मा, आयुष बदोनी, रिंकू सिंह, प्रभसिमरन सिंह, कुमार कुशाग्र, वैभव सूर्यवंशी, शाहबाज अहमद, तनुष कोटियन, हर्ष दुबे, सूर्यांश शेडगे, अरशद खान, विप्रज निगम, हर्षित राणा और प्रिंस यादव।
संयुक्त अरब अमीरात (UAE): हरप्रीत सिंह भाटिया, अंश टंडन, बासिल हमीद, अर्यांश शर्मा, ओमिद रहमान, जाहिद अली, नूर अयूबी, एथन कार्ल डिसूजा, मुहम्मद शाहदाद, उद्दिश सूरी, मुहम्मद मोहसिन, अवैस अली शाह, अयान मिस्बाह, मुहम्मद आफताब आलम जहीर शाह, सोहैब खान और इबरार शाह अहमद।