विराट कोहली और रियान पराग (सौजन्यः BCCI एक्स)  
क्रिकेट

दास्तान-ए-दर्द: कभी बाथरूम में रोता था ये खिलाड़ी, अब 486 दिनों बाद टीम इंडिया में कमबैक को तैयार

Riyan Parag: रियान पराग टीम इंडिया से बाहर हैं और वापसी की तैयारी में जुटे हैं। राजस्थान रॉयल्स के स्टैंड-इन कप्तान ने बताया कि IPL में लगातार फ्लॉप होने पर वो बाथरूम में जाकर टूटकर रोते थे।

संजय सिंह बिष्ट

Riyan Parag Emotional Story: राजस्थान रॉयल्स के स्टैंड-इन कप्तान रियान पराग कभी टीम इंडिया की टी20 योजनाओं में लगातार शामिल रहते थे। उन्होंने एक वनडे भी खेला था, लेकिन पिछले 486 दिनों से वह भारतीय टीम से बाहर हैं। अब पराग ने अपनी वापसी का इरादा स्पष्ट करते हुए बताया कि इस लंबे ब्रेक के दौरान उन्होंने किन मानसिक और भावनात्मक चुनौतियों का सामना किया।

घरेलू क्रिकेट में चमक, IPL में संघर्ष

पराग ने द हिंदू से बातचीत में स्वीकार किया कि घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद IPL में वह अपनी लय नहीं पा सके। उन्होंने कहा कि लगातार रन न बनने का दबाव इतना बढ़ गया था कि वह खुद को संभाल नहीं पाते थे और बाथरूम में जाकर रोते थे। उनका कहना था कि तीन-चार साल तक घरेलू क्रिकेट और IPL में वह संघर्ष करते रहे। चोट से उबरकर लौटना भी आसान नहीं था, क्योंकि फिटनेस और आत्मविश्वास दोनों को फिर से खड़ा करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि उनके दो SMAT सीजन बेहतरीन गए, जहां 7 मैचों में उनका औसत करीब 45-50 रहा, लेकिन IPL में स्थिति बिल्कुल उलट थी। 14 मैचों में वह एक बार भी 70 रन पार नहीं कर पाए। इससे उनके मन में सवाल उठने लगे कि क्या उन्हें अधिक अभ्यास करना चाहिए या ब्रेक लेना चाहिए। कई बार मन करता था कि सब छोड़कर छुट्टी पर निकल जाएं, ताकि मानसिक बोझ कम हो सके।

मैं बाथरूम में जाकर रोता था- रियान पराग

पराग ने कहा कि IPL की असफल पारियों ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया था। उन्होंने स्वीकार किया कि हर बार फ्लॉप होने पर वह खुद से निराश हो जाते थे और कई बार भावनाओं को छिपाने के लिए बाथरूम में जाकर रो पड़ते थे। उन्होंने बताया कि SMAT जैसे टूर्नामेंट पूरी तरह मसल मेमोरी पर आधारित होते हैं। अगर खिलाड़ी फॉर्म में है तो रन आते रहते हैं, लेकिन जैसे ही प्रदर्शन गिरता है, यह डर बढ़ जाता है कि IPL जैसे बड़े मंच पर क्या होगा। इसी डर ने उन्हें कई बार मानसिक रूप से परेशान किया।

टीम इंडिया में वापसी का भरोसा बना हुआ है

रियान पराग आखिरी बार भारत के लिए 12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के खिलाफ खेले थे। इसके बाद चोट और फॉर्म की वजह से वह टीम से बाहर हो गए। लेकिन अब पराग का कहना है कि वह पूरी तरह विश्वास के साथ वापसी करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के लिए उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है और वह सफेद गेंद के दोनों फॉर्मेट में खेल सकते हैं। पराग ने कहा कि जैसे ही वह अपनी फिटनेस और फॉर्म वापस पा लेंगे, दोबारा भारतीय जर्सी पहनना सिर्फ समय की बात होगी। उनका मानना है कि कड़ी मेहनत और सही मानसिकता उन्हें फिर से राष्ट्रीय टीम तक पहुंचा सकती है।

विनेश फोगाट को विश्व चैंपियनशिप ट्रायल में मौका देने पर हाई कोर्ट ने WFI से मांगा जवाब

Weather Alert: ओडिशा में रेड अलर्ट, छत्तीसगढ़-झारखंड समेत 12 राज्यों में भारी बारिश, 60 Kmph तक चलेंगी हवाएं

गोविंद बल्लभ पंत: आजादी की लड़ाई से यूपी के पहले मुख्यमंत्री तक, राष्ट्र निर्माण में निभाई अहम भूमिका

5 राज्यों के चुनाव में BJP को ₹1,473 करोड़ का चंदा, कांग्रेस से 7 गुना ज्यादा; जानें कहां कितना किया खर्च

गांधीनगर में बड़ा हादसा, स्लैब गिरने से मचा हड़कंप, मलबे में दबे 10 लोग; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी