Ranji Trophy: 29 जनवरी से मोहाली के आईएस बिंद्रा पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया रणजी ट्रॉफी मुकाबला अब समाप्त हो चुका है। इस रोमांचक मैच में कर्नाटक ने पंजाब को 5 विकेट से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब अंतिम आठ में कर्नाटक का सामना मुंबई जैसी मजबूत टीम से होने वाला है। पंजाब के खिलाफ इस अहम जीत में कर्नाटक के कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने निर्णायक भूमिका निभाई।
पंजाब ने कर्नाटक के सामने दूसरी पारी में 250 रन का लक्ष्य रखा था। मैच के चौथे दिन कर्नाटक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 27.5 ओवर में ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने जिम्मेदारी भरी कप्तानी पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 85 गेंदों में नाबाद 120 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 141.18 का रहा। पडिक्कल की पारी में 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे, जिसने पंजाब के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
मैच में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहली पारी में पंजाब की टीम ने 309 रन बनाए। अभिजीत गर्ग और इमनजोत सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 83-83 रन की पारियां खेलीं। कर्नाटक की ओर से विद्याधर पाटिल ने 4 विकेट झटके, जबकि श्रेयस गोपाल को 3 सफलता मिली।
इसके जवाब में कर्नाटक ने पहली पारी में 316 रन बनाए और 7 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। श्रेयस गोपाल ने 77 रन की अहम पारी खेली। वहीं अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने 59 रन का योगदान दिया। पंजाब की ओर से हरप्रीत बरार ने 4 विकेट लिए, जबकि सुखदीप बाजवा ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
दूसरी पारी में पंजाब की टीम 256 रन पर सिमट गई। कर्नाटक की गेंदबाजी के सामने पंजाब के बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके। इस तरह कर्नाटक को 250 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उसने बेहद आत्मविश्वास के साथ हासिल कर लिया।
250 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए देवदत्त पडिक्कल के शतक के अलावा मयंक अग्रवाल ने भी 53 रन की अहम पारी खेली। पंजाब की ओर से अनमोलजीत सिंह और इमनजोत सिंह को 2-2 विकेट मिले, जबकि सुखदीप बाजवा को 1 सफलता मिली। इस जीत के साथ कर्नाटक ने क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जहां अब उनका मुकाबला मुंबई से होगा।