पाकिस्तान क्रिकेट टीम  सोर्स- सोशल मीडिया
क्रिकेट

PAK vs SL: पाकिस्तान टेस्ट टीम में बड़ा फेरबदल, बाबर आजम कप्तान, सलमान अली आगा की वापसी और 3 नए चेहरे शामिल

PAK vs SL Test Series: पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। बाबर आजम कप्तान बने रहेंगे, जबकि 3 नए खिलाड़ियों को मौका मिला है।

राहुल उपाध्याय

Highlights:

  • श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम का ऐलान

  • पाकिस्तान के नए टेस्ट टीम में तीन नए चेहरे को मिला मौका

  • पाकिस्तान टेस्ट टीम से कई खिलाड़ियों की हुई छुट्टी

Pakistan Squad vs Sri Lanka: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ के लिए अपनी 14 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। बाबर आज़म टीम की कप्तानी संभालते रहेंगे। इस स्क्वॉड में इंग्लैंड दौरे के बीच से बाहर किए गए सलमान अली आगा और अली उस्मान की वापसी हुई है, जबकि तीन नए खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट टीम में जगह दी गई है।

पाकिस्तान स्क्वॉड में चौंकाने वाले बदलाव

लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड के हाथों 194 रनों की करारी हार के बाद पीसीबी (PCB) ने कड़े कदम उठाए थे। उस दौरान टीम से रिलीज किए गए 7 खिलाड़ियों में से सलमान अली आगा और अली उस्मान की वापसी हुई है। हालांकि, मोहम्मद रिज़वान, इमाम-उल-हक, आमेर जमाल, अवैस जफर और खुर्रम शहजाद को इस सीरीज़ में जगह नहीं मिली है।

इतना ही नहीं, बोर्ड ने हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी पद से हटा दिया है। उनकी जगह व्हाइट-बॉल टीम के कोच माइक हेसन और एश्ले नॉफके को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पाकिस्तान टीम पर भड़के शोएब अख्तर

टीम में मचे इस घमासान और लगातार खराब प्रदर्शन पर पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। अख्तर ने कहा था, "पाकिस्तान क्रिकेट फिलहाल वेंटिलेटर पर है और मौजूदा टीम से कोई उम्मीद नहीं बची है। टीम को दोबारा पटरी पर लौटने में कम से कम 2 साल का समय लगेगा।" उन्होंने साफ किया कि पीसीबी अब अगली पीढ़ी के युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जता रहा है।

इन 3 युवा खिलाड़ियों को पहली बार मिला टेस्ट कैप

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले तीन अनकैप्ड खिलाड़ियों को पाकिस्तान की टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।

मोहम्मद ताहा: प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-1 में तहलका मचाने वाले 26 साल के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 7 मैचों में 730 रन ठोके हैं, जिसमें 3 शतक और 225 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी शामिल है।

मोहम्मद सुलेमान: टूर्नामेंट में 7 मैचों में 652 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में पांचवें स्थान पर रहे। इनके बल्ले से भी 3 शतक निकले हैं।

समीर मिन्हास: पाकिस्तान अंडर-19 सेटअप से सीनियर टीम तक का सफर तय करने वाले समीर ने अपने पहले फर्स्ट-क्लास सीजन के 7 मैचों में 405 रन बनाए हैं।

इंग्लैंड टेस्ट के इन खिलाड़ियों पर बरकरार रहा भरोसा

एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट खेलने वाले अब्दुल्ला फजल, अराफात मिन्हास, रजाउल्लाह और साद बेग को टीम में बरकरार रखा गया है। इसके अलावा, श्रीलंका के खिलाफ पैट्रन-XI के तीन दिवसीय अभ्यास मैच के खत्म होने के बाद दो और तेज गेंदबाजों को मुख्य स्क्वॉड में जोड़ा जाएगा।

रावलपिंडी और लाहौर में खेले जाएंगे मुकाबले

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज़ का पहला मुकाबला 9 से 13 नवंबर तक रावलपिंडी में खेला जाएगा। वहीं, सीरीज़ का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच 17 से 21 नवंबर तक लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित होगा।

श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम

बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अराफात मिन्हास, अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद ताहा, रजाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सलमान अली आगा, समीर मिन्हास और सऊद शकील।

UP चुनाव से पहले कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, लखनऊ में 200 सीट हक है हमारा के पोस्टर; अखिलेश की बढ़ेगी टेंशन?

कांग्रेस ने ECI के विरोध में रैली के बीच सांसदों को भेजा पत्र, 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक दिल्ली में रहने को कहा

ऑपरेशन सिंदूर में भारत का महाप्रहार! एयर चीफ का बड़ा बयान, बोले- कोई टारगेट IAF पहुंच से बाहर नहीं

भारत में BRICS संसदीय मंच की बैठक, 13 देशों के प्रतिनिधि करेंगे मंथन; AI से समावेशी विकास तक पर होगी चर्चा

मन की बात मेरे लिए तीर्थ यात्रा जैसी… 12 साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री मोदी ने बताई दिल की बात