Highlights:
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मंगलवार को खेला जाएगा तीसरा टी-20 मुकाबला
दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दोपहर 12:30 बजे से वेलिंगटन में खेला जाएगा।
वेलिंगटन में भारतीय टीम अपनी पहली जीत की तलाश में इस मैदान पर उतरेगी।
IND vs NZ 3rd T20 Henry Stadium Wellington: क्राइस्टचर्च में शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना चुकी भारतीय क्रिकेट टीम अब वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कल यानी मंगलवार, 27 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा टी-20 मैच खेलने उतरेगी।
जहां एक तरफ भारतीय टीम इस मैदान पर इतिहास बदलते हुए अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेगी, वहीं लगातार दो हार झेल चुकी कीवी टीम इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम ने वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम पर अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2009 में खेला था। टीम इंडिया ने अब तक इस मैदान पर कुल 3 मैच खेले हैं, जिनमें से 2 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। ऐसे में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली इस टीम की नजरें वेलिंगटन में भारत को पहली ऐतिहासिक जीत दिलाने पर टिकी होंगी।
अगर हम बात मेजबान टीम न्यूजीलैंड की करें, तो न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड अपने इस घरेलू मैदान पर काफी बेहतर रहा है। कीवी टीम ने हेनरी स्टेडियम में अब तक 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इनमें से न्यूजीलैंड ने 10 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि 7 मैचों में उसे हार मिली है और एक मैच टाई रहा है।
वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम की पिच पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को बराबरी की मदद मिलने की उम्मीद है। यहां की पिच पर गेंद में अच्छा उछाल मिलता है, जिससे बल्लेबाजों के लिए अपने पसंदीदा शॉट खेलना आसान हो सकता है।
वहीं शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हवा और पिच से मिलने वाली स्विंग के कारण फायदा मिल सकता है। इसके अलवा मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे, लेकिन बीच के ओवरों में स्पिन गेंदबाज रनों की गति पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इस मैदान पर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों का रिकॉर्ड बेहद दमदार है।
मार्टिन गुप्टिल: इन्होंने यहां 13 पारियों में 37.75 की औसत से सबसे ज्यादा 453 रन बनाए हैं।
टिम साइफर्ट: साइफर्ट ने यहां 8 मैचों की 7 पारियों में 58.2 की शानदार औसत से 291 रन जोड़े हैं।
भारत का रिकॉर्ड: भारत के लिए पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने यहां 2 पारियों में 67 की औसत से 67 रन बनाए थे। मौजूदा भारतीय खिलाड़ियों में से कोई भी अब तक इस मैदान पर बल्लेबाजी में अपनी खास छाप नहीं छोड़ पाया है।
हेनरी स्टेडियम की पिच पर न्यूजीलैंड के स्पिनर्स हमेशा से हावी रहे हैं।
ईश सोढ़ी: सोढ़ी ने यहां 10 मैचों में 18.05 की बेहतरीन औसत से 18 विकेट अपने नाम किए हैं।
मिचेल सैंटनर: कीवी कप्तान ने 9 मैचों की 9 पारियों में 15.76 की उम्दा औसत के साथ 13 विकेट चटकाए हैं।
भारतीय गेंदबाज: भारतीय गेंदबाजों का इस मैदान पर प्रदर्शन मिलाजुला रहा है। हार्दिक पांड्या ने एक मैच में 2 विकेट लिए हैं, जबकि शार्दुल ठाकुर ने भी यहां एक मैच खेलकर 2 विकेट अपने नाम किए हैं।
आपको बता दें कि भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच तीसरे टी-20 मुकाबले वाले दिन वेलिंगटन में मंगलवार को सुबह के समय बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही तेज हवा के साथ बादल छाए रहने की उम्मीद है, जिसका फायदा तेज गेंदबाजों को मिल सकता है।