

Highlights:
महेंद्र सिंह धोनी ने अपने IPL भविष्य को लेकर किया बड़ा खुलासा
धोनी दिसंबर 2026 से पहले फैसला लेगें कि वे IPL खेलेगें या नहीं
CSK आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी
MS Dhoni IPL Future: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के अनुभवी खिलाड़ी एमएस धोनी ने आईपीएल में अपने भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। धोनी ने साफ किया है कि वे दिसंबर 2026 से पहले यह फैसला लेंगे कि उन्हें IPL का एक और सीजन खेलना है या नहीं।
बेंगलुरु में आयोजित एक हेल्थकेयर कार्यक्रम के दौरान जब फैंस और मीडिया ने उनसे आईपीएल में खेलने को लेकर सवाल किया, तो धोनी ने अपने चिर-परिचित मजाकिया लेकिन गंभीर अंदाज में इसका जवाब दिया।
धोनी से जब उनके आईपीएल के अगले सीजन में खेलने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि मेडिकल टेस्ट से पता चलेगा कि मैं एक और सीजन खेल पाऊंगा या नहीं। गौरतलब है कि 45 साल के धोनी पिछले सीजन में पिंडली की समस्या से काफी परेशान रहे थे, जिसके कारण वे पूरा आईपीएल 2026 नहीं खेल सके थे। उनकी गैरमौजूदगी का असर टीम के प्रदर्शन पर भी दिखा और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी।
दरअसल, पूर्व CSK कप्तान ने अपनी फिटनेस और मैदान पर वापसी की पूरी जिम्मेदारी डॉक्टरों की टीम पर डाल दी है। उन्होंने हंसते हुए कहा कि डॉक्टरों को ही यह तय करना होगा कि उनका शरीर आईपीएल के एक और कठिन सीजन की चुनौती झेलने के लिए तैयार है या नहीं।
धोनी ने डॉक्टरों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर मैं फिट नहीं हूं, तो आपको यह निश्चित करना होगा कि आप मेरे साथ सब कुछ सही करें। आपको यह भी देखना होगा कि यह पुरानी विंटेज गाड़ी सड़क पर ठीक से चलती रहे। इसलिए खेलने या न खेलने का पूरा दबाव उन्हीं पर है।
आपको बता दें कि एमएस धोनी को IPL इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है, जिन्होंने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 बार आईपीएल का चैंपियन बनाया है। हालांकि, पिछले कुछ सीजनों में खेल के मैदान पर उनकी भागीदारी कम हुई है। वे मुख्य रूप से एक विकेटकीपर के तौर पर ही खेले हैं और बल्लेबाजी क्रम में काफी नीचे नंबर 7 या 8 पर आते रहे हैं, जिसे लेकर कई बार उनकी आलोचना भी हुई है।
एमएस धोनी पहले ही सीएसके की कप्तानी छोड़ चुके हैं और अब ऋतुराज गायकवाड़ टीम की कमान संभाल रहे हैं। चूंकि स्टीफन फ्लेमिंग ने चेन्नई के हेड कोच का पद छोड़ दिया है, ऐसे में इस बात की पूरी संभावना जताई जा रही है कि आने वाले सीजन में धोनी मैदान पर खिलाड़ी के बजाय पूरी तरह से 'मेंटर' की भूमिका में नजर आ सकते हैं।