Rohit Sharma Fitness Update MI vs SRH: आईपीएल 2026 का 41वां लीग मुकाबला मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। मुकाबले से पहले सभी की नजरें टीम की प्लेइंग इलेवन पर थीं, खासकर रोहित शर्मा की वापसी को लेकर, लेकिन वह इस मैच में भी नहीं खेल पाए।
रोहित शर्मा पिछले कुछ मैचों से चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं। 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में बल्लेबाजी के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग में परेशानी हुई थी, जिसके बाद वह रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। तब से वह पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं। टॉस के समय हार्दिक पांड्या ने बताया कि रोहित को मैदान पर लौटने से पहले अभी कुछ और मैचों का इंतजार करना होगा। वह पूरी फिटनेस हासिल करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो अहम बदलाव किए हैं। मिचेल सैंटनर कंधे की चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। वहीं क्विंटन डी कॉक भी कलाई की चोट के चलते इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। इन दोनों की जगह टीम ने रयान रिकल्टन और रॉबिन मिन्ज को मौका दिया है, जो इस मैच में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टीम ने अब तक खेले गए 7 मैचों में से सिर्फ 2 में ही जीत दर्ज की है। ऐसे में प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए मुंबई के लिए आने वाले सभी मुकाबले बेहद महत्वपूर्ण हो गए हैं। टीम को लगातार जीत हासिल करनी होगी ताकि वह अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर सके।
ये भी पढ़ें: Mumbai Indians के प्रमुख सदस्य पर टूटा दुखों का पहाड़, बेटी की हुई मौत, पूरी टीम शोक में डूबी
मुंबई इंडियंस: रियान रिकल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, एम. गजनफर, अश्विनी कुमार।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, साहिल अरोड़ा, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, साबिक हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, ईशान मलिंगा।