कुलदीप यादव भारतीय टीम के साथ (फोटो-सोशल मीडिया)
Kuldeep Yadav Birthday: भारतीय टीम के स्टार स्पिनर और मैच विनर खिलाड़ी कुलदीप यादव आज 14 दिसंबर 2025 को अपना 31वां जन्मदिन मना रहे हैं। भारत के लिए कुलदीप यादव ने तीनों फॉर्मेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। कुलदीप यादव, एक ऐसे खिलाड़ी है जो अकेले दम पर मैच का पासा पलटने में माहिर है। उन्होंने कई मौके पर ऐसा करके दिखाया है। भारत को टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
कुलदीप यादव पहली बार 2014 में अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने के बाद सुर्खियों में आए थे। इसके बाद उन्हें आईपीएल में केकेआर की टीम में शामिल किया गया है। कुलदीप यादव का डेब्यू 2017 में हुआ था। हालांकि, उससे पहले वो 2014 में भारतीय टीम में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले के लिए शामिल हुए थे। लेकिन उन्हें कोई मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला।
कुलदीप यादव का उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुआ जन्म
कुलदीप यादव का जन्म 14 दिसंबर 1994 को उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुआ था, लेकिन उनका पालन-पोषण कानपुर में हुआ। वह एक ईंट-भट्ठा मालिक के बेटे हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि क्रिकेट खेलते रहने के लिए उन्हें सबसे ज्यादा प्रेरणा उनके पिता से मिली, जिन्होंने न सिर्फ उनका हौसला बढ़ाया बल्कि उन्हें कोच के पास भी ले गए।
कुलदीप यादव ऐसे बने स्पिन गेंदबाज
शुरुआत में यादव वसीम अकरम और ज़हीर खान जैसे दिग्गज गेंदबाज़ों से प्रेरित होकर बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ बनना चाहते थे। लेकिन उनकी पतली काया को देखते हुए कोच ने उन्हें कलाई के स्पिन गेंदबाज़ (व्रिस्ट स्पिनर) बनने की सलाह दी। ट्रायल के दौरान कोच उनकी गेंदों में अनजाने में आ रहे टर्न और विविधता से काफी प्रभावित हुए। इसके बाद यादव ने शेन वॉर्न की गेंदबाज़ी को ध्यान से देखना और उनके वीडियो देखना शुरू किया, और उन्हें अपना आदर्श (रोल मॉडल) बनाया। तभी से उनकी स्पिन गेंदबाज़ी की यात्रा ने सही दिशा पकड़ी।
कुलदीप यादव की उपलब्धियां
21 सितंबर 2017 को यादव ने वनडे क्रिकेट में इतिहास रचते हुए भारत के लिए हैट्रिक लेने वाले तीसरे गेंदबाज़ बनने का गौरव हासिल किया। उनसे पहले यह उपलब्धि केवल चेतन शर्मा और कपिल देव ने हासिल की थी। यादव ने यह हैट्रिक कोलकाता के ईडन गार्डन्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ली थी। इसके बाद 18 दिसंबर 2019 को वेस्टइंडीज के खिलाफ यादव ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए दो हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने।
वहीं 17 जनवरी 2020 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मैच में यादव ने एक और रिकॉर्ड बनाया। वह भारत के लिए सबसे कम पारियों में 100 वनडे विकेट लेने वाले स्पिन गेंदबाज़ बने। उन्होंने यह मुकाम अपनी 58वीं पारी में हासिल किया।
कुलदीप यादव का करियर
कुलदीप यादव का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक खेले गए 117 वनडे मैचों में 191 विकेट अपने नाम किए हैं, जो उनकी निरंतरता और धारदार गेंदबाज़ी को दर्शाता है। क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप यानी टी20 अंतरराष्ट्रीय में भी कुलदीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 88 विकेट झटके हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 17 मैचों में 76 विकेट हासिल किए हैं। तीनों प्रारूपों में उनका यह आंकड़ा बताता है कि कुलदीप यादव भारतीय गेंदबाज़ी आक्रमण के एक अहम स्तंभ रहे हैं। वहीं IPL में कुलदीप यादव ने 98 मुकाबले में 102 विकेट चटकाए हैं।
कुलदीप यादव घरेलू लेवल पर उत्तर प्रदेश और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कई फ्रेंचाइजी के लिए भी खेल चुके हैं। वो सभी टीमों के लिए बेहतरीन हथियार रहे हैं। कुलदीप यादव मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स और अब दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया है।