Highlights:
तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है।
उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में नंबर-11 पर उतरकर विश्व रिकॉर्ड बनाया।
निचले क्रम पर उनकी यह पारी किसी भी अन्य गेंदबाज के लिए तोड़ना मुश्किल होगा।
उनादकट की इस ऐतिहासिक पारी के बावजूद सौराष्ट्र यह मैच हार गया
Jaydev Unadkat World Record: गेंदबाजी में अपनी स्विंग और रफ्तार से बल्लेबाजों को नचाने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने इस बार बल्ले से बड़ा धमाका कर दिया है, जिसके बाद क्रिकेट जगत में तहलका मच गए है।
सौराष्ट्र के कप्तान उनादकट ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तमिलनाडु के खिलाफ खेलते हुए नंबर-11 पर उतरकर एक ऐसा विश्व रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे तोड़ना किसी भी पुछल्ले बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होगा। हालांकि, उनकी यह ऐतिहासिक पारी भी टीम की हार नहीं टाल सकी।
इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-बी के मुकाबले में तमिलनाडु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 192 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 8.3 ओवर में 92 के स्कोर पर अपने 9 विकेट गंवा दिए।
ऐसा लग रहा था कि मैच जल्द ही खत्म हो जाएगा, लेकिन इसके बाद क्रीज पर उतरे कप्तान जयदेव उनादकट ने चेतन सकारिया के साथ मिलकर मोर्चा संभाल लिया। दोनों ने आखिरी विकेट के लिए 62 रनों की शानदार साझेदारी की। उनाडकट ने 26 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 40 रन ठोक दिए।
अपनी 40 रनों की इस साहसिक पारी के दम पर जयदेव उनादकट पुरुष टी20 क्रिकेट के इतिहास में नंबर-11 पर सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह विश्व रिकॉर्ड इंग्लैंड के डैनी ब्रिग्स के नाम दर्ज था।
ब्रिग्स ने साल 2020 में बिग बैश लीग (BBL) के दौरान एडिलेड स्ट्राइकर्स के लिए खेलते हुए 18 गेंदों में 35 रन बनाए थे। अब 6 साल बाद उनादकट ने ब्रिग्स को पीछे छोड़कर यह कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है।
जयदेव उनाडकट (सौराष्ट्र): 40 रन (26 गेंद) - बनाम तमिलनाडु, 2026
डैनी ब्रिग्स (एडिलेड स्ट्राइकर्स): 35 रन (18 गेंद) - बीबीएल, 2020
डॉमिनिक ड्रेक्स (सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स): 34 रन (14 गेंद) - सीपीएल
उनादकट की इस रिकॉर्डतोड़ पारी के बावजूद सौराष्ट्र की पूरी टीम 16.4 ओवर में 154 रनों पर सिमट गई और उसे 38 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही सौराष्ट्र की टीम सुपर लीग की दौड़ से भी बाहर हो गई है।
बता दें कि सौराष्ट्र ने टूर्नामेंट की शुरुआत लगातार 4 जीत के साथ की थी, लेकिन आखिरी तीनों मैचों में उसे लगातार हार झेलनी पड़ी। अपने 224 मैचों के लंबे टी20 करियर में उनाडकट के नाम अब 271 विकेटों के साथ 624 रन भी दर्ज हो गए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है।