नवभारत स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2025 के लिए मेगा ऑक्शन होना है। जिसके लिए सभी टीमों ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस बार सबका ध्यान मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा पर रहेगा। जिन्हें लेकर यह खबर है कि वह मुंबई का साथ छोड़ने वाले हैं। ऐसे में अब लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने रोहित को लेकर बड़ी बात कह दी है।
दरअसल, आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा का कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को कप्तान बना दिया था। जिसके बाद फैंस का गुस्सा देखने लायक था। हालांकि बाद में यह भी खबर आने लगी थी कि रोहित यह आखिरी बार मुंबई के लिए खेल रहे हैं। वह अगले साल फ्रेंचाइजी से रिलीज हो जाएंगे। ऐसे में अब अफवाह है कि लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोहित को खरीदने के लिए अपने पर्स लिमिट का आधा पैसा खर्च करने को तैयार है।
जिसके बाद से ही लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका का बयान वायरल हो रहा है। उनका मानना है कि रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी से किसी भी टीम को लाभ होगा। हालांकि उन पर इतनी बड़ी राशि खर्च करना भी सही नहीं होगा।
एक इंटरव्यू में संजीव गोयनका ने कहा कि “ये किसी को नहीं पता कि क्या रोहित शर्मा नीलामी में शामिल हो रहे हैं या नहीं? ये इस बात पर निर्भर करता है कि क्या मुंबई इंडियंस रोहित को रिलीज करेगी। फिर भी अगर रोहित नीलामी में शामिल होते हैं और अगर आप उन पर 50 फीसदी पर्स की राशि खर्च कर करते हैं तो फिर दूसरे खिलाड़ियों को कैसे खरीद पाएंगे। हर किसी को अच्छा खिलाड़ी और कप्तान चाहिए। ये इस बात पर निर्भर करता है कि आपके पास क्या और इसके साथ आप क्या कर सकते हैं?”
जानकारी के लिए बता दें कि भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान आगामी इंडियन प्रीमियर लीग 2025 सीजन के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के मेंटर बनने को तैयार हैं। वह गौतम गंभीर की जगह लेने वाले हैं, जिन्होंने आईपीएल 2023 के बाद एलएसजी के मेंटर की भूमिका छोड़ दी थी और गंभीर आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के मेंटर बने थे, जिसने 2024 का खिताब जीता था।