प्रतिका रावल  Source- IANS
क्रिकेट

IND-W vs ZIM-W: प्रतिका रावल का शतक, शेफाली के बल्ले से भी बरसे रन; भारत ने 137 गेंद शेष रहते दर्ज की जीत

IND-W vs ZIM-W 1st ODI: भारत ने पहले महिला वनडे में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराया। प्रतिका रावल ने नाबाद 100 और शेफाली वर्मा ने 64 रन बनाए, जबकि श्री चरणी ने 4 विकेट झटके।

अर्पित शुक्ला

Highlights

  • प्रतिका रावल ने 96 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, शेफाली वर्मा ने 33 गेंदों में 64 रन ठोके।

  • श्री चरणी ने 23 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि क्रांति गौड़ ने 3 विकेट झटके।

  • भारत ने 198 रन का लक्ष्य 27.1 ओवर में हासिल कर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।

IND-W vs ZIM-W 1st ODI Match Report: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहले वनडे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। शुक्रवार को बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 197 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारतीय टीम ने प्रतिका रावल के शानदार शतक और शेफाली वर्मा की तूफानी पारी की बदौलत महज 27.1 ओवर में एक विकेट खोकर 198 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

प्रतिका रावल-शेफाली ने मचाया धमाल

198 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 15.3 ओवर में 94 रन जोड़े। मंधाना 34 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुईं।

इसके बाद प्रतिका रावल और शेफाली वर्मा ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। प्रतिका ने 96 गेंदों में 15 चौकों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। वहीं, शेफाली ने महज 33 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्के लगाते हुए नाबाद 64 रन ठोक दिए।

दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 70 गेंदों में 106 रन की अटूट साझेदारी हुई और भारत ने एकतरफा अंदाज में मुकाबला अपने नाम कर लिया।

श्री चरणी की फिरकी में फंसी जिम्बाब्वे की टीम

इससे पहले, भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 49.5 ओवर में 197 रन पर समेट दिया। जिम्बाब्वे की ओर से बिलव्ड बीजा ने सर्वाधिक 62 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके लगाए।

जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही और लोरीन फिरी सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गईं। मोडेस्टर मुफिकवा ने 25 रन बनाए, जबकि चिपो मुगेरी-ट्रिपानो ने 21 रन का योगदान दिया। शार्न मेयर्स 8 रन बनाकर आउट हुईं। न्याशा ग्वांजुरा ने 13 और चिएड्जा धुरु ने 10 रन बनाए।

श्री चरणी ने झटके 4 विकेट

भारत की ओर से श्री चरणी सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 10 ओवर में महज 23 रन देकर 4 विकेट झटके। क्रांति गौड़ ने 42 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि दीप्ति शर्मा ने 9.5 ओवर में 44 रन देकर 2 विकेट लिए।

भारतीय गेंदबाजों के इस प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों ने भी शानदार अंदाज में लक्ष्य हासिल किया। प्रतिका रावल को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

अब 25 अक्टूबर को दूसरा वनडे

पहले मुकाबले में जीत के बाद भारतीय टीम की नजरें अब सीरीज में अपनी बढ़त मजबूत करने पर होंगी। भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा वनडे 25 अक्टूबर को वडोदरा में खेला जाएगा।

नेहा बोरा की याचिका दिल्ली हाई कोर्ट ने की खारिज, भरना पड़ेगा पीस बॉन्ड

बिहार के सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत; कई घायल

LAC पर भारत-चीन के बीच क्या बातचीत चल रही है? विदेश मंत्रालय के बयान का पूरा मतलब समझिए

MLC Election 2026 LIVE: चार राज्यों की 28 सीटों पर मतदान खत्म, कब आएंगे नतीजे?

रुला रहा अलनीनो: दलहन-गुड़-शक्कर के भाव आसमान पर, एथनॉल उत्पादन पर लग सकती है रोक!