India vs New Zealand 3rd T20I Guwahati: गुवाहाटी में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को तीसरे टी20 मुकाबले 8 विकेट रहते शिकस्त दी। हैरान करने वाली बात ये है कि टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के द्वारा दिए गए 153 रन के स्कोर को सिर्फ 10 ओवर में चेज कर लिया। इसके साथ ही 'सूर्या एंड कंपनी' ने 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में ये सीरीज अपने नाम कर ली है। इससे पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीता। टॉस जीतकर उन्होंने न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर महज 153 रन बना सकी।
न्यूजीलैंड के द्वारा दिए गए इस स्कोर को टीम इंडिया ने अभिषेक शर्मा की दमदार पारी की बदौलत 8 विकेट रहते हासिल कर लिया। वहीं, अभिषेक शर्मा ने 20 गेंदों का सामना करते हुए 68 रन बनाए। वहीं, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी दमदार पारी खेली। उन्होंने 26 गेंदों का सामना करते हुए 57 रन बनाए। इससे पहले ईशान किशन ने 13 गेंदों का सामाना करते हुए 28 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं, संजू सैमसन इस मैच में 'गोल्डन डक' का शिकार बने। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी और ईश सोढ़ी ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
गुवाहाटी में भारत की जीत में गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई। ये ही कारण रहा कि कीवी टीम 153 रन पर सिमट कर रह गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने तीन, जबकि रवि बिश्नोई और हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट चटकाए। पहला झटका न्यूजीलैंड को डेवोन कॉनवे के रूप में लगा। कॉनवे ने केवल दो गेंद में एक रन बनाया और हर्षित राणा ने उन्हें पवेलियन भेजा। हार्दिक पांड्या ने रविंन रविंद्र को आउट किया, जो 5 गेंद में 4 रन ही बना सके। जसप्रीत बुमराह ने अपने ओवर की पहली गेंद पर टिम साइफर्ट को क्लीन बोल्ड किया। साइफर्ट ने 11 गेंद में 12 रन बनाए। मार्क चैपमन ने 23 गेंद में 32 रन की पारी खेली, लेकिन रवि बिश्नोई ने उन्हें पवेलियन लौटाया।
ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमन के बीच चौथे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई, जिससे न्यूजीलैंड ने कुछ समय के लिए अपने स्कोर को मजबूत किया। इसके बाद डेरिल मिचेल ने 8 गेंदों में 14 रन बनाए और आउट हुए। ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंद में 48 रन बनाकर अपनी टीम की पारी को संभाला।
टीम के अन्य बल्लेबाजों का प्रदर्शन कमजोर रहा। काइल जैमीसन सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हेनरी ने 1 रन ही जोड़ा। इस तरह भारत की गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड की पारी को नियंत्रण में रखा और उसे 153 रन तक सीमित कर दिया। जसप्रीत बुमराह और रवि बिश्नोई की गेंदबाजी विशेष रूप से प्रभावशाली रही। वहीं, हार्दिक पांड्या ने मध्यक्रम में कीवी बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा।