Dale Steyn on Sanju Samson: आईपीएल 2026 की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स के लिए निराशाजनक रही थी। टीम को लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। लगातार तीन हार के बाद सीएसके के प्रदर्शन में सुधार आया है। टीम ने सीजन का अपना चौथा और पांचवां मुकाबला जीता है और अंकतालिका में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और मुंबई इंडियंस (एमआई) से ऊपर चली गई है।
सीएसके के प्रदर्शन में हुए इस सुधार का श्रेय दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लगाए गए शतक को दिया है। संजू सैमसन अब धीरे-धीरे लय में नजर आ रहा है।
जियोहॉटस्टार के ‘गूगल सर्च एआई मोड मैच सेंटर लाइव’ पर स्टेन ने कहा कि सीएसके में आया यह बदलाव संजू सैमसन के लगाए शतक के साथ शुरू हुआ था। सैमसन का शतक आता है, ओवरटन को कुछ विकेट मिलते हैं, और टीम जीत जाती है। यहां से टीम के सकारात्मक बदलाव आए। आईपीएल मैच जीतना सच में मुश्किल है।
कभी-कभी आसान जीत मिलती है, तो कभी-कभी जीती हुई बाजी हम हार जाते हैं। इसलिए एक बार जब आप एक मैच जीतते हैं, तो टीम के अंदर आत्मविश्वास बढ़ जाता है। आप खुद को ऐसी चीजें करते हुए पाते हैं जो तीन दिन पहले आप करने में सक्षम नहीं थे। इसलिए सैमसन निश्चित रूप से इसे लीड कर रहे हैं। गायकवाड़ भी अच्छा करेंगे, वह एक शानदार बल्लेबाज हैं।"
लगातार तीन हार के बाद सीएसके का सीजन का चौथा मैच घरेलू मैदान चेपॉक स्टेडियम में था। इस मैच में सीएसके के लिए जीत जरूरी थी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 212 रन बनाए थे। सैमसन ने 56 गेंदों पर 4 छक्कों और 15 चौकों की मदद से नाबाद 115 रन की पारी खेली थी। सीएसके ने मैच 23 रन से जीता था। इसके बाद सीएसके ने मंगलवार को चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में केकेआर को 32 रन से हराया। इस मैच में भी सैमसन ने 32 गेंदों पर 48 रन बनाए थे। सैमसन की पारी से चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे में एक अलग ऊर्जा आ गई है।