बिहार रणजी टीम (फोटो-सोशल मीडिया)  
क्रिकेट

बिहार ने जीता रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप का खिताब, मणिपुर को 568 रनों से हराकर मारी एलीट ग्रुप में एंट्री

Bihar vs Manipur: रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप फाइनल में बिहार ने मणिपुर को 568 रन से हराकर खिताब जीता। बिहार की टीम ने दोनों पारियों में 500 से अधिक रन बनाते हुए टीम ने पूरी तरह दबदबा कायम रखा।

उज्जवल सिन्हा

Ranji Trophy Plate Group Final 2025-26: बीसीसीआई द्वारा आयोजित रणजी ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप का खिताब बिहार ने अपने नाम किया। बिहार ने मणिपुर को 568 रनों से हराकर एलीट ग्रुप में एंट्री मार ली है। अब अगले सीजन से बिहार की टीम रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में एलीट ग्रुप में खेलते दिखेगी। इस सीजन बिहार ने तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया और राज्य को गौरवान्वित किया।

पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप के फाइनल मुकाबले में बिहार ने मणिपुर को 568 रन के विशाल अंतर से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। 22 से 26 जनवरी तक चले इस मुकाबले में बिहार ने दोनों पारियों में 500 से अधिक रन बनाए, जबकि मणिपुर दोनों पारियों को मिलाकर भी 500 रन का आंकड़ा पार नहीं कर सकी।

बिहार ने पहली पारी में बनाए 522 रन

मैच में मणिपुर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन बिहार के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही दबदबा बना लिया। पहली पारी में कप्तान सकीबुल गनी ने शानदार 108 रन बनाए, वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज विपिन सौरभ ने 143 रन की बेहतरीन पारी खेली। निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए सूरज कश्यप ने 83 रन जोड़कर टीम को 522 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाया। इसके जवाब में मणिपुर की पहली पारी 264 रन पर सिमट गई और उसे पहली पारी के आधार पर 258 रन की भारी बढ़त गंवानी पड़ी।

दूसरी पारी में पियूष ने जड़ा दोहरा शतक

दूसरी पारी में भी बिहार का दबदबा जारी रहा। टीम ने 6 विकेट पर 505 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। सलामी बल्लेबाज पियूष सिंह ने 322 गेंदों में नाबाद 216 रन की यादगार पारी खेली। यह पियूष का पहला दोहरा शतक रहा। खालिद आलम ने 81 रन बनाए, जबकि रघुवेंद्र प्रताप सिंह 90 रन बनाकर शतक से चूक गए।

568 रनों से बिहार ने जीता खिताब

पहली पारी की बढ़त को मिलाकर बिहार ने मणिपुर के सामने जीत के लिए 764 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा। जवाब में मणिपुर की दूसरी पारी भी 195 रन पर सिमट गई और टीम को 568 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। दूसरी पारी में बिहार के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। सूरज कश्यप और हिमांशु सिंह ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि प्रशांत सिंह को दो सफलता मिली। रघुवेंद्र प्रताप सिंह और आकाश विभूति राज ने एक-एक विकेट लिया।

सकीबुल गनी को मिला मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार

ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए बिहार के कप्तान सकीबुल गनी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं मणिपुर के फेरोइजम जोतिन सिंह को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। फेरोइजम ने टूर्नामेंट में 335 रन बनाने के साथ-साथ 15 विकेट भी झटके।

ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को दी चुनौती, फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची, नाम और सिंबल पर विवाद तेज

भस्मासुर है कांग्रेस…राहुल को पढ़ना चाहिए अपनी पार्टी का इतिहास, सहयोगियों को खत्म करना आदत: किरेन रिजिजू

तमिलनाडु में जन्म लेने वाले बच्चों को मिलेगा सोने का छल्ला, CM विजय ने किया ऐलान, वितरण के लिए बनेंगे 107 हब

DUSU Election 2026 LIVE: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान समाप्त

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बन सकते हैं राहुल गांधी...शहजाद पूनावाला का तंज, बोले- 2029 में फिर PM बनेंगे मोदी