Ranji Trophy 2025-26 में विदर्भ को मिली पहली हार, शेख रशीद के नाबाद शतक से जीता आंध्र प्रदेश

Andhra Pradesh Won the Match: आंध्र प्रदेश ने दूसरे राउंड की शुरुआत जीत के साथ कर दी है। आंध्र ने पिछले सीजन के चैंपियन विदर्भ को 8 विकेट से हराकर जीत हासिल की है।
Ranji Trophy 2026
शेख रशीद (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ranji Trophy 2026: बीसीसीआई द्वारा आयोजित रणजी ट्रॉफी के दूसरे राउंड की शुरुआत हो चुकी है। पिछले सीजन के चैंपियन विदर्भ को छठे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है। विदर्भ को आंध्र प्रदेश से 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। आंध्र प्रदेश को जीत के लिए 259 रन का लक्ष्य मिला था जिसे टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। आंध्र की जीत में शेख रशीद के नाबाद 132 रनों की अहम भूमिका रही।

259 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आंध्र प्रदेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और पहला झटका 15 के स्कोर पर अभिषेक रेड्डी के रूप में लगा था। अभिषेक 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद एस भरत और शेख रशीद ने दूसरे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। भरत 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आंध्र ने विकेट नहीं गंवाया।

शेख रशीद की नाबाद 132 रनों की पारी

शेख रशीद और कप्तान रिकी भूई ने 145 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। शेख रशीद 144 गेंद पर 132 रन बनाकर नाबाद रहे। पारी में उन्होंने 21 चौके लगाए। रिकी भूई 7 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 64 रन बनाकर नाबाद रहे। विदर्भ की तरफ से दोनों विकेट नचिकेत भूते ने लिए। उसके अलावा कोई और गेंदबाज विकेट नहीं ले सके। जिसके कारण विदर्भ को हार का सामना करना पड़ा।

पहली पारी में बढ़त के बाद भी हारी विदर्भ

मैच पर नजर डालें तो विदर्भ ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। यश राठौड़ के 115 रन की बदौलत विदर्भ ने पहली पारी में 295 रन बनाए थे। आंध्र प्रदेश की पहली पारी 228 रन पर सिमट गई थी। पहली पारी के आधार पर विदर्भ को 67 रन की बढ़त मिली थी। विदर्भ की दूसरी पारी 191 रन पर सिमट गई थी। पहली पारी में मिली 67 रन की बढ़त के आधार पर विदर्भ ने आंध्र को 259 रन का लक्ष्य दिया था। इसे हासिल करने में आंध्र प्रदेश को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

लगातार जीत का सिलसिला टूटा

इस हार के साथ विदर्भ का फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में 16 मैचों से चला आ रहा अजेय क्रम भी टूट गया। 2023/24 रणजी ट्रॉफी फाइनल के बाद रेड-बॉल क्रिकेट में यह उनकी पहली हार रही। यह हार विदर्भ को आंध्र प्रदेश के खिलाफ मिली।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com