आरोन जॉर्ज (फोटो- सोशल मीडिया) 
क्रिकेट

U19 Asia Cup: पाकिस्तान के खिलाफ अकेले 'दीवार' बने आरोन जॉर्ज, संजू सैमसन से हो रही है तुलना- VIDEO

IND vs PAK Under-19 Asia Cup: आरोन जॉर्ज ने अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ 85 रन की संयमित पारी खेलकर भारतीय टीम की लड़खड़ाती बल्लेबाजी को संभालने का काम किया।

संजय सिंह बिष्ट

Aaron George: अंडर-19 एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में आरोन जॉर्ज ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। रविवार, 14 दिसंबर को दुबई के आईसीसी एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए इस अहम ग्रुप स्टेज मैच में जॉर्ज भारतीय टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर उभरे। दबाव भरे हालात में उन्होंने जिस संयम और समझदारी के साथ पारी खेली, उसने उनकी बढ़ती परिपक्वता को साफ तौर पर दिखाया।

मुश्किल हालात में बने भारत की दीवार

भारतीय टीम की शुरुआत इस मुकाबले में उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। ओपनर वैभव सूर्यवंशी महज 5 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि कप्तान आयुष म्हात्रे भी 38 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। टॉप ऑर्डर के जल्दी बिखरने के बावजूद आरोन जॉर्ज ने एक छोर संभालकर रखा। उन्होंने हालात को समझते हुए जोखिम लेने से परहेज किया और जरूरत के मुताबिक रन बटोरे।

संयम और कंट्रोल से सजी पारी

19 वर्षीय आरोन जॉर्ज शतक से जरूर चूक गए, लेकिन 88 गेंदों पर खेली गई उनकी 85 रन की पारी किसी मैच विनिंग इनिंग से कम नहीं रही। इस दौरान उनके बल्ले से 12 चौके और एक शानदार छक्का निकला। खास बात यह रही कि उनकी बल्लेबाजी ताकत पर नहीं, बल्कि बेहतरीन टाइमिंग और सही शॉट चयन पर आधारित थी। पाकिस्तानी गेंदबाजों के खिलाफ उन्होंने धैर्य बनाए रखा और गलतियों का इंतजार किया।

अहम साझेदारियों ने बदला मैच का रुख

आरोन जॉर्ज ने पहले कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ तीसरे विकेट के लिए 49 रन की उपयोगी साझेदारी निभाई। इसके बाद पांचवें विकेट के लिए अभिज्ञान कुंदू के साथ 60 रन जोड़कर भारतीय पारी को मजबूती दी। जब भारत का स्कोर 113 रन पर चार विकेट हो चुका था, तब यह साझेदारी टीम के लिए संजीवनी साबित हुई। इस सहयोग ने भारत को 240 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

संजू सैमसन से होने लगी तुलना

जॉर्ज की बल्लेबाजी शैली ने सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस को खासा प्रभावित किया। उनकी ऊंची बैट लिफ्ट, तेज फुटवर्क और गैप ढूंढकर खेलने की कला को देखकर कई लोगों ने उनकी तुलना संजू सैमसन से करनी शुरू कर दी। चूंकि दोनों खिलाड़ी केरल से आते हैं, ऐसे में यह तुलना और भी स्वाभाविक हो गई। भले ही जॉर्ज शतक नहीं जड़ पाए, लेकिन पाकिस्तान जैसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ उनकी पारी ने यह साबित कर दिया कि वह भविष्य में भारतीय क्रिकेट के लिए एक अहम नाम बन सकते हैं।

क्यों की गई थी रेलवे सुरक्षा बल की स्थापना, IB को करनी पड़ी थी सिफारिश, जानिए पूरा इतिहास

गूंज नहीं, सीधा धमाका, DUSU में ABVP की जीत से गदगद हुई BJP, कांग्रेस और राहुल गांधी पर साधा निशाना

हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता देश के लिए खतरा, हामिद अंसारी के बयान बवाल, BJP ने किया पलटवार

सहारनपुर से चुनावी आगाज की परंपरा जारी रखेगी BJP? राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के दौरे से सियासी हलचल तेज

दिल्ली में वोटर लिस्ट से कटेगा केजरीवाल का नाम, चुनाव आयोग ने भेजा SIR का नोटिस, पूर्व CM से मांगे कागज