Ayush Shetty Defeats World No.1 Shi Yuqi: बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के पहले ही दिन भारत के युवा शटलर आयुष शेट्टी ने बड़ा उलटफेर कर दिया। आयुष ने पहले राउंड के रोमांचक मुकाबले में वर्ल्ड नंबर-1 और मौजूदा चैंपियन चीन के शी यू की को 21-14, 13-21, 21-19 से हरा दिया। इस जीत के साथ आयुष ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की और दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी को हराकर अपनी बड़ी जीत दर्ज की।
शी यू की के खिलाफ चार मुकाबलों में ये आयुष की पहली जीत है। इससे पहले दोनों खिलाड़ियों के बीच तीन मुकाबले खेले गए थे और तीनों में भारतीय शटलर को हार मिली थी। इनमें बैडमिंटन एशियन चैंपियनशिप का फाइनल भी शामिल था। ऐसे में मौजूदा चैंपियन को हराना आयुष के लिए खास उपलब्धि है।
पहले गेम में आयुष ने शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया। उन्होंने 3-0 की बढ़त के साथ शुरुआत की और मिड-गेम ब्रेक तक स्कोर 11-5 कर दिया। ब्रेक के बाद भी भारतीय खिलाड़ी ने अपनी लय नहीं खोई। उन्होंने लगातार आक्रामक खेल जारी रखा और पहला गेम 21-14 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में शी यू की ने जोरदार वापसी की। चीनी खिलाड़ी ने शुरुआत में 3-1 की बढ़त बनाई। आयुष ने वापसी करते हुए स्कोर 4-4 से बराबर किया और कुछ समय के लिए बढ़त भी हासिल की। दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन मिड-गेम ब्रेक तक शी 11-9 से आगे निकल गए।
ब्रेक के बाद शी ने अपनी बढ़त को और मजबूत किया। आयुष ने कई बार अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन चीनी खिलाड़ी ने दबाव बनाए रखा। आखिरकार शी यू की ने दूसरा गेम 21-13 से जीत लिया और मुकाबला निर्णायक तीसरे गेम में पहुंच गया।
तीसरे गेम में आयुष ने एक बार फिर शानदार शुरुआत की। उन्होंने 6-3 और फिर 9-4 की बढ़त बना ली। मिड-गेम इंटरवल तक भारतीय शटलर 11-5 से आगे थे। इसके बाद आयुष ने शानदार संयम दिखाया और बढ़त को 14-5 तक पहुंचा दिया। एक समय वो 16-5 से आगे थे और जीत काफी करीब दिखाई दे रही थी।
हालांकि, मौजूदा चैंपियन ने हार नहीं मानी। शी ने लगातार अंक जुटाते हुए अंतर को कम करना शुरू किया। आयुष की कुछ गलतियों का फायदा उठाकर उन्होंने स्कोर का अंतर छह और फिर चार अंकों तक पहुंचा दिया। इसके बावजूद आयुष ने दबाव में अपना धैर्य नहीं खोया।
आयुष 20-15 के स्कोर पर पहुंच गए थे, लेकिन शी ने लगातार चार मैच प्वाइंट बचाकर मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने खुद को संभाला और आखिरकार जरूरी अंक हासिल करते हुए तीसरा गेम 21-19 से जीत लिया।
वर्ल्ड नंबर-1 और मौजूदा चैंपियन को हराकर आयुष शेट्टी ने वर्ल्ड चैंपियनशिप के पहले ही दिन बता दिया कि वो इस टूर्नामेंट में बड़ी चुनौती पेश करने के लिए तैयार हैं।