

India Lost To eNGLAND In Hockey World Cup: FIH हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को अपने दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों 4-2 से हार का सामना करना पड़ा। एम्सटेलवीन के वेगेनर हॉकी स्टेडियम में 17 अगस्त को खेले गए पूल डी के इस मुकाबले में भारत ने पहले हाफ में शानदार खेल दिखाया और 2-1 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने जोरदार वापसी करते हुए लगातार तीन गोल दागे और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मुकाबले की शुरुआत दोनों टीमों ने तेज खेल के साथ की। सातवें मिनट में भारत के हरमनप्रीत सिंह के पास गोल करने का मौका आया, लेकिन उनका शॉट गोल से बाहर चला गया। इसके बाद 14वें मिनट में इंग्लैंड ने पहला गोल कर भारत पर दबाव बना दिया। एरियल पास के जरिए भारतीय डिफेंस को छकाते हुए निकोलस बैंडुराक ने गेंद को गोल में पहुंचाया और इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने शानदार वापसी की। भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अपनी शानदार फ्लिक के जरिए गेंद को गोल के ऊपरी बाएं कोने में पहुंचा दिया। इसके साथ ही भारत ने स्कोर 1-1 कर दिया।
हरमनप्रीत के गोल के कुछ ही मिनट बाद भारत ने बढ़त भी हासिल कर ली। हार्दिक सिंह ने बेसलाइन से गेंद अभिषेक तक पहुंचाई। अभिषेक के पास को दिलप्रीत सिंह ने शानदार तरीके से गोल में बदल दिया। भारत 2-1 से आगे हो गया। हाफ टाइम तक भारतीय टीम बढ़त बनाए हुए थी। इस दौरान भारत ने इंग्लैंड के तीन के मुकाबले आठ शॉट गोल पर लगाए।
हालांकि, तीसरे क्वार्टर में मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। इंग्लैंड ने आक्रामक खेल दिखाया और 39वें मिनट में स्टुअर्ट रशमेयर ने रिवर्स स्टिक से गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। इसके बाद 43वें मिनट में हेनरी क्रॉफ्ट ने तेज हिट के जरिए इंग्लैंड को 3-2 से आगे कर दिया। वर्ल्ड कप में ये क्रॉफ्ट का पहला गोल था।
भारत ने इसके बाद बराबरी करने की कोशिश की, लेकिन इंग्लैंड के डिफेंस ने हर भारतीय हमले को रोक दिया। आखिरी क्वार्टर में इंग्लैंड ने एक और गोल कर भारत की मुश्किलें बढ़ा दीं। 55वें मिनट में निकोलस बैंडुराक ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार लो फ्लिक लगाकर अपना दूसरा गोल किया और इंग्लैंड की बढ़त 4-2 कर दी।
आखिरी मिनटों में भारतीय टीम ने वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन इंग्लैंड के मजबूत डिफेंस के सामने उसे सफलता नहीं मिली। आखिरकार इंग्लैंड ने 4-2 से मुकाबला जीत लिया।
इस हार के बाद पूल डी की स्थिति भारत के लिए काफी अहम हो गई है। इंग्लैंड दो मैचों में दो जीत के साथ 6 अंक लेकर शीर्ष पर है और अगले दौर में पहुंच चुका है। भारत के दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ 3 अंक हैं और वो दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान और वेल्स के खाते में दो-दो मैचों के बाद एक-एक अंक है।
अब भारत का अगला और आखिरी पूल मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ होगा। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए हरमनप्रीत सिंह की टीम के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। भारतीय टीम को इस मैच में हर हाल में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।