Asian Games Day 14 Live Updates: एशियन गेम्स में आज 14वें दिन तीन स्वर्णिम मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय पुरुष हॉकी और क्रिकेट टीम आज गोल्ड मेडल के लिए अपनी दावेदारी पेश करेगी। ताइक्वांडो में भारत का सफर खत्म हो गया। आर्चरी में भारत की कुमकुम मोहोद ने गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। भारत शनिवार को एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट के स्वर्ण पदक मुकाबले में पाकिस्तान की युवा टीम के खिलाफ अपने अनुभवी सितारों से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगा। दोनों देशों के बीच यह मुकाबला एशियन गेम्स की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का अब तक का सबसे ज्यादा राजनीतिक तनाव वाला फाइनल होगा।
भारतीय पुरूष हॉकी टीम को मलेशिया के खिलाफ एशियन गेम्स के फाइनल में शनिवार को अपना खिताब बरकरार रखने और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 का टिकट कटाने के लिये गलतियों से सबक लेकर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।
एशियन गेम्स 2026 से जुड़ी तमाम लेटेस्ट और ताजा अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहिए नवभारत लाइव ब्लॉग के साथ...
एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट का आज फाइनल मुकाबला खेला जाना है। पाकिस्तान के खिलाफ गोल्ड मेडल के लिए होने वाले T20 फाइनल मैच से पहले, टीम इंडिया निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क पहुंची।
एशियन गेम्स 2026 के रेसलिंग इवेंट में हांगझोऊ 2022 की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट अंतिम पंघाल ने महिलाओं की 53kg रेसलिंग के राउंड ऑफ 16 में कजाकिस्तान की शुगिला ओमीरबेक को 9-0 से हराया और क्वार्टरफाइनल में उज्बेकिस्तान की साकिबजमाल एस्बोसीनोवा के खिलाफ मुकाबला तय किया।
एशियन गेम्स 2026 के रेसलिंग इवेंट में भारत की मनीषा भनवाला ने महिलाओं की 57kg रेसलिंग में रिपब्लिक ऑफ कोरिया की यंगजिन क्वोन को 8-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई, जहां उनका मुकाबला जापान की अकारी फुजिनामी से सुबह 8:55 बजे (IST) होगा।
एशियन गेम्स 2026 के ताइक्वांडो इवेंट में महिलाओं के +67kg वर्ग के राउंड ऑफ 16 में भारत को निराशा हाथ लगी। एशियन गेम्स में पहली बार हिस्सा ले रहीं ज्योति यादव राउंड ऑफ 16 में थाईलैंड की कन्नलक चुएनचूकलिन से 0-2 से हार गईं। इस नतीजे के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में भारत का ताइक्वांडो अभियान समाप्त हो गया।
एशियन गेम्स में भारतीय पहलवान दीपक पूनिया क्वार्टर फाइनल मुकाबले के लिए हांगकांग, चीन के ली वुई फंग विंसेंट के मैट पर न आने के कारण VFO (वॉकओवर से जीत) से 5-0 से जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच गए।
एशियन गेम्स 2026 के रग्बी सेवन्स इवेंट में भारतीय महिला टीम का 5वें-8वें स्थान के लिए मुकाबला खेला गया। भारत ने सिंगापुर पर 22-5 से शानदार जीत हासिल की और 5वें-6वें स्थान के मैच में जगह बनाई। रग्बी सेवन्स का अगला मैच आज दोपहर 1:00 बजे IST खेला जाएगा।
एशियन गेम्स के फ्रीस्टाइल कुश्ती इवेंट में भारत के दीपक पूनिया ने पुरुषों की 97 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में चीन के जुनपेंग झोउ को 12-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
भारतीय रिकर्व तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने एशियाई खेलों में महिलाओं की व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी स्पर्धा में दक्षिण कोरिया की ओह येजिन को हराकर गोल्ड मेडल जीता। व्यक्तिगत रिकर्व फाइनल में पहुंचने वाली और साथ ही गोल्ड जीतने वाली वे पहली भारतीय महिला बन गई हैं।
ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) ने शनिवार को घोषणा की कि एशियाई खेलों के दौरान 27 सितंबर को लिए गए इन-कंपटीशन सैंपल में भारतीय पहलवान यश कुमार चौहान एक प्रतिबंधित पदार्थ के लिए पॉजिटिव पाए गए हैं और उन्हें तत्काल प्रभाव से अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया गया है।
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने चीन की जिंगयी झू को 6-2 से हराकर महिला व्यक्तिगत रिकर्व के फाइनल में जगह बनाई और अपना मेडल पक्का किया। इस जीत के साथ, वह इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में व्यक्तिगत रिकर्व फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।
एशियन गेम्स में आज तीन स्वर्णिम मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय हॉकी और क्रिके टीम आज गोल्ड मेडल के लिए अपनी दावेदारी पेश करेगी। ताइक्वांडो और आर्चरी में भी आज भारतीय टीम गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल के लिए मैदान में उतरेगी।