

Kumkum Mohod Gold Medal: भारतीय रिकर्व तीरंदाज कुमकुम मोहोद ने एशियाई खेलों में महिलाओं की व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी स्पर्धा में दक्षिण कोरिया की ओह येजिन को हराकर गोल्ड मेडल जीता।
भारत की कुमकुम अनिल मोहोद ने रोमांचक शूट-ऑफ में रिपब्लिक ऑफ कोरिया की येजिन ओह को 6-5 से हराकर महिलाओं के रिकर्व व्यक्तिगत फाइनल में गोल्ड मेडल जीता। इसी के साथ कुमकुम ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए कोटा भी हासिल किया।
17 साल की कुमकुम एशियन गेम्स में व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला तीरंदाज बनीं। स्कोर 5-5 से बराबर होने के बाद, कुमकुम ने शूटआउट में 10 का स्कोर किया, जबकि येजिन केवल 8 ही स्कोर कर पाईं।
इससे पहले, चीन की जिंगयी झू को हराकर फाइनल में पहुंचने पर, कुमकुम ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए उपलब्ध दो कोटा स्थानों में से एक हासिल कर लिया। यह कोटा देश को दिया जाता है।
कुमकुम ने झू को 28-27, 30-30, 29-29, 29-28 से हराया और महिलाओं की व्यक्तिगत स्पर्धा में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय रिकर्व तीरंदाज बनीं। कुमकुम ने 9, 10 और 9 के स्कोर के साथ पहला सेट जीता।
दूसरे सेट में, दोनों तीरंदाजों ने अपने तीनों तीरों से 'इनर 10' पर निशाना साधा। तीसरा सेट भी बराबरी पर छूटा। कुमकुम ने आखिरी सेट 29-28 से जीता। इससे पहले, उन्होंने क्वार्टर फाइनल में विश्व चैंपियन कांग चे-यंग को 6-4 से हराया था।
कुमकुम ने अंकिता भकात और कीर्ति शर्मा के साथ मिलकर महिलाओं की रिकर्व टीम स्पर्धा में भी गोल्ड मेडल जीता, और इसके बाद धीरज बोम्मादेवरा के साथ मिक्स्ड टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता।
उनकी जीत एशियन गेम्स में एक शानदार व्यक्तिगत अभियान का अंत है। उन्होंने रैंकिंग राउंड में 10वें स्थान पर क्वालीफाई किया था, लेकिन क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन और ओलंपिक टीम की गोल्ड मेडलिस्ट कांग चाएयंग को हरा दिया।
इसके बाद उन्होंने 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप की सिल्वर मेडलिस्ट चीन की जिंगी झू को 6-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और एशियन गेम्स के व्यक्तिगत रिकर्व फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। इवेंट का ब्रॉन्ज मेडल चीन की युवेई हुआंग ने हमवतन जिंगी झू को 6-4 से हराकर जीता।