

राहुल गांधी के भारत को आर्थिक संकट की ओर बढ़ने वाले बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी ने नेता प्रतिपक्ष पर बिना तथ्यों के आरोप लगाने और देश की अर्थव्यवस्था को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। दरअसल, राहुल गांधी ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। उनके इस बयान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
हालांकि, बीजेपी ने राहुल गांधी के आकलन को खारिज करते हुए कहा कि वैश्विक आर्थिक संस्थाएं भारत को दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल मान रही हैं। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल पर बिना तथ्यों के बात करने का आरोप लगाया तो वहीं बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी को भारत विरोधी प्रोपेगेंडा का नेता बताया। वहीं, बीजेपी नेता दिलीप घोष ने भी उनके बयान की आलोचना की। इस मुद्दे पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर दिए गए राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी पर देश को विदेशी धरती पर बदनाम करने का आरोप लगाया।
गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को अपरिपक्व और भारत-विरोधी बताते हुए उन्हें भारत का 'मीर जाफर' तक कह दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के बेबुनियाद और झूठे बयानों से हर भारतीय शर्मिंदा महसूस कर रहा है।
भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था, युवाओं के सशक्तिकरण और वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयां हासिल की हैं।
उन्होंने राहुल गांधी के विदेश दौरों पर भी सवाल उठाए। गौरव भाटिया ने कहा कि संसद के हर सत्र से पहले राहुल गांधी विदेश चले जाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी अपने विदेशी आकाओं से मार्गदर्शन लेने जाते हैं?
बीजेपी प्रवक्ता के इस बयान के बाद राहुल गांधी की विदेश में की गई टिप्पणियों को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है।
खबर अपडेट की जा रही है।