Highlights:
प्रधानमंत्री मोदी ने उद्योगों से सवाल किया कि टैक्स में छूट के बावजूद रोजगार और वेतन क्यों नहीं बढ़े।
सरकार ने उद्योगों को टैक्स रियायतें, सब्सिडी और आसान नियमों जैसी सुविधाएं दीं।
लेख के अनुसार, उद्योगों का मुनाफा बढ़ा, लेकिन कर्मचारियों और आम जनता तक उसका लाभ नहीं पहुंचा।
प्रधानमंत्री ने फिक्की की बैठक में कंपनियों से रोजगार और कर्मचारियों की आय बढ़ाने के प्रयासों का हिसाब मांगा।
Corporate Tax Cuts and Employment: प्रधानमंत्री मोदी ने देश के उद्योग जगत से सीधा सवाल किया है जिसे वह इतने समय से टालता आया है। यह ज्वलंत प्रश्न है कि जब उद्योगों को कॉरपोरेट टैक्स में भारी रियायत दी गई तथा निवेश बढ़ाने के उद्देश्य से आयकर छूट की सीमा बढ़ाई गई तो इन कंपनियों ने रोजगार और वेतन क्यों नहीं बढ़ाए? सरकार ने इतनी उदारता दिखाई और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाया लेकिन उन्होंने देश को बदले में क्या दिया ? उद्योगों की सुविधा और पनपने का अवसर देने के लिए केंद्र सरकार ने श्रम कानूनों को भी स्थगित कर दिया था।
सरकार उद्योगों के लिए एक खिड़की योजना लाने, लाइसेंस में छूट देने, सब्सिडी उपलब्ध कराने के लिए प्रयत्नशील रही लेकिन उद्योग अपना कॉरपोरेट मुनाफा बढ़ाते चले गए। उनकी समृद्धि दिन दूनी, रात चौगुनी बढ़ी लेकिन सामान्य भारतीयों को क्या मिला? उन्हें इस समृद्धि में कोई हिस्सेदारी नहीं मिल पाई।
प्रधानमंत्री के तर्क सही हैं। उन्होंने फेडरेशन ऑफ इंडियन चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) की वार्षिक आम बैठक में दो टूक सवाल किया कि क्या कॉरपोरेट टैक्स में ऐतिहासिक कटौती व अन्य नीतिगत सुधारों के बाद कंपनियों ने रोजगार में वृद्धि करने और कर्मचारियों की आय में सुधार के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं? सरकार ने इनकम टैक्स का दायरा बढ़ाकर 12 लाख रुपये कर दिया, लेकिन क्या उद्योगों ने अपने कर्मियों की तनख्वाह बढ़ाई? इन दिनों बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार विपक्ष के निशाने पर है, इसलिए प्रधानमंत्री मोदी का उद्योग जगत से यह सवाल करना लाजमी था। तात्पर्य यह है कि उद्योग पहले तो अपने लिए सरकार से अनुकूल नीतियां चाहते हैं, लेकिन जब व्यवसाय के लिए पोषक माहौल बनाया जाता है, तब वह अपनी संपन्नता तो बढ़ाते हैं, लेकिन उसका लाभ अपने कर्मचारियों व जनता तक नहीं पहुंचाना चाहते।
न तो वह नई भर्तियां करेंगे न अपने कुशल और अनुभवी कर्मचारियों का समुचित वेतन बढ़ाएंगे, जिनकी बदौलत उद्योग पनप रहा है। कॉरपोरेट इंडिया को बताना होगा कि वह अपने बड़े अधिकारियों और शेयर होल्डर को तो मुनाफे में साझेदार बनाती है लेकिन अपने सामान्य कर्मचारियों को उपेक्षित रखती है।
प्रधानमंत्री का यह हस्तक्षेप उल्लेखनीय है। क्योंकि इस समय आर्थिक विकास सिर्फ जीडीपी के अंकों, स्टॉक मार्केट के मूल्यांकन और कॉरपोरेट मुनाफे से नापा जा रहा है। इसके विपरीत बेहतर वेतन, रोजगार में वृद्धि तथा लोगों की क्रय शक्ति बढ़ाने पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसलिए जेन-जी में भारी असंतोष व्याप्त है। दूसरी ओर सरकार को भी विचार करना होगा कि टैक्स में रियायत देने से ही रोजगार नहीं बढ़ते। यदि मांग में अनिश्चितता बनी हुई है, उपभोग में असमानता है तो स्थितियां बदलना आसान नहीं है।
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा