महाराष्ट्र सरकार 33 जिलों के 42.30 लाख गरीब परिवारों को तीन महीने तक मुफ्त अनाज देगी।
सूखा, फसल बर्बादी, बढ़ती लागत और कर्ज ने किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर कर दी है।
मुफ्त अनाज से भूख मिटेगी, लेकिन कृषि संकट का स्थायी समाधान नहीं होगा।
सिंचाई परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और किसानों को कर्ज से राहत देने की जरूरत है।
Maharashtra Drought and Farmer Crisis: महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के 33 जिलों के 42,30,000 गरीबी की रेखा से नीचे जीवन बितानेवाले परिवारों को मुफ्त अनाज देने का निर्णय लिया है जो सूखा स्थिति को देखते हुए उचित है। इसके साथ यह भी मुद्दा उठता है कि जो राज्य अपनी कृषि तथा आर्थिक प्रगति पर गर्व करता है वहां बगैर सरकारी मदद के लाखों किसानों व ग्रामीणों को दो वक्त का खाना भी नहीं मिल सकता। इस निर्णय के तहत जो लोग राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत आते हैं लेकिन प्रत्यक्ष हस्तांतरण योजना (डीबीटी) में शामिल नहीं हैं, उन्हें 3 महीनों तक प्रति माह 5 किलो अनाज दिया जाएगा।
इसमें 3 किलो चावल और 2 किलो गेहूं का समावेश होगा। यह तात्कालिक राहत उल्लेखनीय है, फिर भी प्रश्न उठता है कि राज्य के लाखों किसान परिवार इतनी कमजोर और दयनीय आर्थिक स्थिति में क्यों हैं कि उन्हें भुखमरी से बचाने के लिए अस्थायी राशन का मुफ्त पैकेज देना अपरिहार्य हो गया है? किसानों से उम्मीद की जाती है कि वह राष्ट्र की जनता का पेट भरेंगे लेकिन कृषि पर आए सूखा संकट की वजह से किसानों को ही मुफ्त अनाज देने की नौबत सरकार पर आ पड़ी है।
फसल की तबाही, कृषि की बढ़ती लागत, कर्ज के बोझ और किसानों की आत्महत्या से स्थिति अत्यंत गंभीर हो उठी है। हजारों किसानों के लिए खेती घाटे का सौदा बन कर रह गई है। उनके पास कोई विकल्प नहीं है। उनके दूरगामी लाभ के लिए कृषि उपज पर आधारित प्रोसेसिंग उद्योग लगाने, पशु पालन को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं लेकिन इस समय तो पशुओं को चारा मिलना भी मुश्किल हो गया है। जल संकट तीव्र हो उठा है जिस कारण रबी की फसल को नुकसान झेलना पड़ेगा। मुफ्त अनाज से भूख तो मिटेगी लेकिन इससे बिगड़ी हुई कृषि अर्थव्यवस्था में सुधार नहीं हो पाएगा।
3 माह तक मुफ्त अनाज देने के बाद आगे की क्या व्यवस्था है? क्या हितग्राहियों को नियमित खाद्य सुरक्षा ढांचे में समाविष्ट किया जाएगा? राज्य सरकार ने नंदूरबार में नर्मदा-तापी नदी डाइवर्सन की 5,548 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी है जिसके पूर्ण हो जाने पर 26,526 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई हो सकेगी और 11.50 मेगावाट बिजली भी निर्मित होगी। घोषणा के बाद किसी परियोजना को निर्धारित समय में पूर्ण किया जाना भी आवश्यक है। विदर्भ की गोसीखुर्द योजना दशकों तक लटकी रही।
लेख- चंद्रमोहन द्विवेदी के द्वारा