विशाखा नक्षत्र फोटो सोर्स- AI
धर्म

Vishakha Nakshatra: लक्ष्य को पाने का जुनून देता है विशाखा नक्षत्र, जानें इस नक्षत्र से जुड़ी खास बातें

Vishakha Nakshatra in Vedic Astrology: वैदिक ज्योतिष के 16वें नक्षत्र 'विशाखा' का स्वामी बृहस्पति है। इस नक्षत्र में जन्मे लोग बेहद महत्वाकांक्षी और बुद्धिमान होते हैं।

अंकिता पटेल, विजय कुमार तिवारी

Highlights

  • वैदिक ज्योतिष के 27 नक्षत्रों में 16वां है विशाखा नक्षत्र।

  • गुरु ग्रह के प्रभाव से मिलती है नेतृत्व की क्षमता।

  • राजनीति, कानून और प्रबंधन में बनाते हैं शानदार करियर।

  • लक्ष्य को पाने के लिए रखते हैं बेहद दृढ़ संकल्प।

  • तुला और वृश्चिक राशि के बीच फैला है इसका दायरा।

Vishakha Nakshatra Personality and Career: वैदिक ज्योतिष के 27 नक्षत्रों में विशाखा 16वां नक्षत्र है। संस्कृत में 'विशाखा' का अर्थ 'दो शाखाओं वाला' या 'दो भागों में बंटा हुआ' होता है। यह नक्षत्र तुला राशि के 20°00′ से शुरू होकर वृश्चिक राशि के 3°20′ तक फैला हुआ है। ज्योतिष शास्त्र में इसे 'उद्देश्य का तारा' भी कहा जाता है। इसके स्वामी ग्रह देवगुरु बृहस्पति हैं, जबकि इसके अधिष्ठाता देवता इंद्र और अग्नि माने जाते हैं। इस नक्षत्र का सीधा असर व्यक्ति के स्वभाव, करियर और रिश्तों पर पड़ता है।

कैसा होता है इस नक्षत्र का ज्योतिषीय परिचय?

विशाखा नक्षत्र का प्रतीक चिह्न दो शाखाओं वाली डाली, तोरण-द्वार यानी विजय मेहराब या कुम्हार के चाक को माना जाता है। यह चिह्न निरंतर प्रयास और जीत का संदेश देते हैं। इस नक्षत्र में जन्म लेने वाले लोगों के नाम के शुरुआती अक्षर 'ती', 'तू', 'ते' और 'तो' से रखे जाते हैं। ज्योतिषीय गणना के अनुसार इस नक्षत्र का गण 'राक्षस' और नाड़ी 'अंत्य' होती है। देवताओं में इंद्राग्नि को शक्ति, ऊर्जा और शुद्धि का प्रतीक माना जाता है, जो जातकों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

दो राशियों पर होता है अनोखा असर

विशाखा नक्षत्र का फैलाव दो अलग-अलग राशियों में होने से इसका प्रभाव बेहद दिलचस्प हो जाता है। इसके शुरुआती तीन चरण तुला राशि में आते हैं, जिस पर शुक्र ग्रह का प्रभाव रहता है। इस वजह से जातक में सामाजिक तालमेल बिठाने और संतुलन बनाकर चलने का गुण आता है। वहीं, इसका चौथा और आखिरी चरण वृश्चिक राशि में जाता है, जिसका स्वामी मंगल है। मंगल के प्रभाव से व्यक्ति के भीतर अपने लक्ष्य को हासिल करने की गहराई, साहस और तीव्रता कई गुना बढ़ जाती है।

विशाखा नक्षत्र स्वभाव

स्वभाव में दिखती है कूटनीति और निर्णय क्षमता

ज्योतिष के जानकार देवेन्द्र सिंह बताते हैं कि 'विशाखा' का अर्थ दो राहों या शाखाओं वाला होने के कारण ऐसे लोगों के सामने अक्सर जीवन में कई विकल्प आते हैं। मान्यता है कि ये लोग अलग-अलग रास्तों के बीच सही चुनाव करके आगे बढ़ते हैं। इनमें कूटनीति की अच्छी समझ होती है और ये किसी भी स्थिति के दोनों पहलुओं को बखूबी समझते हैं। स्वभाव से ये काफी व्यावहारिक और तर्कशील होते हैं। ये लोग अंधविश्वास पर भरोसा करने के बजाय तार्किक और आधुनिक सोच को ज्यादा महत्व देते हैं।

बचपन से ही झलकती है नेतृत्व की क्षमता

जिन बच्चों का जन्म विशाखा नक्षत्र में होता है, वे बचपन से ही काफी ऊर्जावान, बुद्धिमान और महत्वाकांक्षी होते हैं। इनमें आगे बढ़कर नेतृत्व करने, दूसरों को प्रेरित करने और जीवन में जोखिम उठाने की गजब की प्रवृत्ति पाई जाती है। ये बच्चे स्वतंत्र रूप से अपना काम करना पसंद करते हैं।

आपको बता दें कि एक बार ये जो लक्ष्य तय कर लेते हैं, उसे पाने के लिए पूरी लगन और मेहनत से जुट जाते हैं। इनकी रुचि ज्ञान-विज्ञान के साथ-साथ धर्म और अध्यात्म में भी देखने को मिलती है।

विशाखा नक्षत्र स्वभाव

इन क्षेत्रों में बनाते हैं शानदार करियर

गुरु ग्रह के प्रभाव और तेज दिमाग के कारण विशाखा नक्षत्र के जातक प्रतिस्पर्धा में हमेशा आगे रहने की कोशिश करते हैं। बड़े होने पर ये लोग प्रशासन, राजनीति, कानून, बैंकिंग, प्रबंधन और व्यापार जैसे क्षेत्रों में बेहद अच्छा प्रदर्शन करते हैं। इसके अलावा कला, मीडिया और रिसर्च से जुड़े कामों में भी इन्हें बड़ी सफलता मिलती है।

ज्योतिष के जानकार देवेन्द्र सिंह का मानना है कि इस नक्षत्र की ऊर्जा व्यक्ति को तमाम चुनौतियों के बीच भी अपने उद्देश्य को पूरा करने की ताकत देती है।

स्वभाव की इन कमियों पर ध्यान देना जरूरी

हर सिक्के के दो पहलू होते हैं, ठीक वैसे ही इस नक्षत्र के जातकों में कुछ कमियां भी हो सकती हैं। लक्ष्य के प्रति इनका दृढ़ निश्चय कई बार जिद्दीपन या अत्यधिक महत्वाकांक्षा में बदल जाता है, जिससे ये किसी भी चीज से जल्दी संतुष्ट नहीं होते। ज्योतिषियों का मानना है कि इन्हें जल्दबाजी और ईर्ष्या जैसी प्रवृत्तियों से बचकर रहना चाहिए।

स्वामी लोकेशानंद सरस्वती के विश्लेषण के अनुसार पता चलता है कि एकाग्रता और निरंतर प्रयास के साथ गुरु व इंद्राग्नि की आराधना करने से इस नक्षत्र का सकारात्मक लाभ मिलता है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर नहीं जला दीप, पुलिस से भिड़े हिंदू संगठन

कहीं इंडिया गेट तो कहीं पवई झील के ऊपर दिखा चांद का जादू, 8 तस्वीरों में देखें Full Moon का नजारा

UP Politics: विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी की पहली सूची जारी, जानिए किस सीट से किसे मिला टिकट

कार्तिक पूर्णिमा पर दिल्ली से मुंबई तक आसमान में चमका चांद, वीडियो में देखें देशभर का खूबसूरत नजारा

Trump Tariff Plan: भारत और चीन पर फिर टैरिफ बम फोड़ने की तैयारी में ट्रंप, जानिए किस देश पर कितनी पड़ेगी मार