Highlights:
कार्तिक शुक्ल द्वादशी को तुलसी और भगवान शालिग्राम के विवाह की परंपरा है।
दैत्यराज जालंधर की पत्नी और भगवान विष्णु की परम भक्त थी वृंदा।
वृंदा के श्राप से भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप धारण करने की मान्यता जुड़ी है।
जालंधर के सती वृंदा मंदिर को स्थानीय लोग पौराणिक कथा से जोड़ते हैं।
Tulsi And Shaligram Vivah Story In Hindi: हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को अत्यंत पवित्र माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि माता तुलसी भगवान विष्णु को बहुत प्रिय हैं और उन्हें माता लक्ष्मी का स्वरूप भी माना जाता है। कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराने की परंपरा है, इसे ही तुलसी विवाह के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है और भगवान विष्णु व मां लक्ष्मी का आशीर्वाद बना रहता है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि तुलसी विवाह के पीछे वृंदा और दैत्यराज जालंधर की एक रोचक पौराणिक कथा जुड़ी है? अगर नही तो आइए जानते है वृंदा और दैत्यराज जालंधर की कथा-
सनातन धर्म में तुलसी के पौधे को केवल एक पौधा नहीं, बल्कि पूजनीय देवी का स्वरूप माना गया है। मान्यता है कि माता तुलसी भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय हैं। वहीं भगवान शालिग्राम को श्रीहरि विष्णु का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है। इसी कारण कार्तिक शुक्ल द्वादशी के दिन तुलसी और शालिग्राम का विवाह पूरे विधि-विधान से कराया जाता है।
धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होता है। जिन घरों में तुलसी विवाह का आयोजन किया जाता है, वहां सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है। इस अवसर पर भक्त तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाते हैं और भगवान शालिग्राम के साथ उनका विवाह कराते हैं।
पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान शिव के तेज से समुद्र में एक अत्यंत शक्तिशाली बालक का जन्म हुआ था, यही बालक आगे चलकर दैत्यराज जालंधर के नाम से प्रसिद्ध हुआ। जालंधर पराक्रमी और शक्तिशाली राजा बन गया। उसकी राजधानी भी जालंधर नाम से ही जानी जाती है।
दैत्यराज कालनेमि की पुत्री वृंदा का विवाह जालंधर से हुआ था। वृंदा भगवान विष्णु की परम भक्त और अत्यंत पतिव्रता स्त्री थीं। उनके पतिव्रत धर्म और तपस्या के प्रभाव से जालंधर को ऐसी शक्ति प्राप्त हुई थी कि देवता भी उसे पराजित नहीं कर पा रहे थे।
कहा जाता है कि अपनी शक्ति और अहंकार के मद में चूर जालंधर ने माता लक्ष्मी को पाने की इच्छा की और उनसे युद्ध किया। लेकिन समुद्र से उत्पन्न होने के कारण माता लक्ष्मी ने उसे अपना भाई स्वीकार किया। इसके बाद जालंधर ने माता पार्वती को पाने की इच्छा से कैलाश पर्वत की ओर गया।
पौराणिक कथा के अनुसार, जालंधर ने भगवान शिव का रूप धारण कर माता पार्वती के समीप जाने का प्रयास किया। लेकिन माता पार्वती ने अपने योगबल से उसके छल को पहचान लिया और वहां से अंतर्ध्यान हो गईं, जिससे क्रोधित माता पार्वती ने भगवान विष्णु को पूरी बात बताई। दूसरी ओर, जालंधर की शक्ति का कारण उसकी पत्नी वृंदा का पतिव्रत धर्म था। जब तक वृंदा का सतीत्व सुरक्षित था, तब तक जालंधर को युद्ध में पराजित कर पाना मुश्किल था।
देवताओं को जालंधर के अत्याचारों से मुक्ति दिलाने के लिए भगवान विष्णु ने एक लीला रची। कथा के अनुसार, भगवान विष्णु ऋषि का वेश धारण कर उस वन में पहुंचे, जहां वृंदा अकेली थीं।
ऋषि के वेश में भगवान विष्णु के साथ दो मायावी राक्षस भी थे। उन्हें देखकर वृंदा डर गईं, तब ऋषि ने अपनी शक्ति से दोनों राक्षसों को भस्म कर दिया। वृंदा ने उनकी शक्ति देखकर अपने पति जालंधर के बारे में पूछा, इसके बाद ऋषि ने अपनी माया से दो वानर प्रकट किए। एक वानर के हाथ में जालंधर का सिर था और दूसरे के हाथ में उसका धड़ था। पति की ऐसी हालत देख वृंदा मूर्छित हो गईं। होश में आने पर उसने ऋषि से अपने पति को जीवित करने की विनती की।
पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान विष्णु ने अपनी माया से जालंधर का सिर और धड़ जोड़ दिया तथा स्वयं भी उसी शरीर में प्रवेश कर गए। वृंदा इस छल को पहचान नहीं सकीं और जालंधर समझकर उसके साथ पतिव्रता का व्यवहार करने लगीं। इससे उनका पतिव्रत धर्म भंग हो गया। मान्यता है कि इसी के बाद युद्ध में जालंधर की शक्ति समाप्त हो गई और भगवान शिव ने उसका वध कर दिया।
जब वृंदा को भगवान विष्णु की लीला और अपने साथ हुए छल का पता चला, तो वह क्रोधित हो उठीं। उन्होंने भगवान विष्णु को शिला बन जाने का श्राप दे दिया। भगवान विष्णु ने अपने भक्त के श्राप को स्वीकार किया और शालिग्राम शिला के रूप में प्रकट हुए।
कथा के अनुसार, भगवान विष्णु के शिला रूप धारण करने से सृष्टि का संतुलन प्रभावित होने लगा। तब सभी देवी-देवताओं ने वृंदा से भगवान विष्णु को श्राप मुक्त करने की प्रार्थना की। वृंदा ने भगवान विष्णु को श्राप से मुक्त किया और स्वयं अग्नि में समर्पित हो गईं। मान्यता है कि जिस स्थान पर वृंदा भस्म हुईं, वहां तुलसी का पौधा प्रकट हुआ।
इसके बाद भगवान विष्णु ने वृंदा को वरदान दिया कि वह तुलसी के रूप में सदैव उन्हें प्रिय रहेंगी और उनकी पूजा में तुलसी का विशेष स्थान होगा। भगवान विष्णु ने शालिग्राम स्वरूप में तुलसी को अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार किया। इसी पौराणिक प्रसंग के कारण तुलसी और शालिग्राम विवाह की परंपरा शुरू हुई।
पंजाब के जालंधर शहर में सती वृंदा देवी से जुड़ा एक प्राचीन मंदिर भी है। स्थानीय मान्यता है कि यह स्थान वृंदा की कथा और दैत्यराज जालंधर के पौराणिक प्रसंगों से जुड़ा हुआ है। यह मंदिर मोहल्ला कोट किशनचंद में स्थित सती वृंदा मंदिर के नाम से जाना जाता है। जहां हजारों श्रद्धालु आस्था के साथ आते है और सच्चे मन से लगातार 40 दिनों तक सती वृंदा देवी की पूजा करते है।