

Highlights:
20 नवंबर 2026 को रखा जाएगा देवउठनी एकादशी का व्रत।
तुलसी विवाह 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जाएगा।
द्वादशी तिथि 21 नवंबर सुबह 6:31 बजे से शुरू होगी।
गोधूलि मुहूर्त शाम 5:25 से 5:52 बजे तक।
माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराने की परंपरा।
Tulsi Vivah 2026 Shubh Muhurat: कार्तिक मास में मनाए जाने वाले तुलसी विवाह की तारीख को लेकर इस बार लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कहीं 20 नवंबर तो कहीं 21 नवंबर को तुलसी विवाह मनाने की जानकारी दी जा रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं के मन में सवाल उठ रहे है कि आखिर माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह किस दिन कराया जाएगा?
पंचांग के अनुसार, 2026 में देवउठनी एकादशी का मुख्य व्रत 20 नवंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा, जबकि तुलसी विवाह का पर्व 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जाएगा। कार्तिक शुक्ल द्वादशी तिथि के उदय होने के कारण 21 नवंबर को तुलसी विवाह की तारीख निर्धारित की गई है। इस दिन शाम को गोधूलि बेला में विवाह की रस्में संपन्न करना शुभ होगा है।
हिन्दू पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर 2026 को सुबह लगभग 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होकर 21 नवंबर को सुबह लगभग 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी। इसलिए स्मार्त परंपरा में देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर को रखा जाएगा।
वहीं, कार्तिक शुक्ल द्वादशी तिथि 21 नवंबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार तुलसी विवाह 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जाएगा।
इसलिए 20 और 21 नवंबर की तारीखों को लेकर भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी और 21 नवंबर को तुलसी विवाह का मुख्य आयोजन रहेगा।
तुलसी विवाह के लिए शाम का समय विशेष शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोधूलि बेला में माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह संपन्न कराना उत्तम होता है।
तुलसी विवाह: 21 नवंबर 2026, शनिवार
द्वादशी तिथि प्रारंभ: सुबह 6:31 बजे
द्वादशी तिथि समाप्त: 22 नवंबर को सुबह 4:56 बजे
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:25 बजे से 5:52 बजे तक
प्रदोष काल: शाम के समय पूजा और विवाह आयोजन के लिए सही होगा
गोधूलि और प्रदोष के समय में स्थान के अनुसार अंतर हो सकता है। इसलिए अपने शहर के स्थानीय पंचांग के अनुसार पूजा का समय निर्धारित करना उचित रहेगा।
तुलसी विवाह को पारंपरिक हिंदू विवाह की तरह ही पूरे रीति-रिवाज से संपन्न किया जाता है। इसलिए कुछ विशेष पूजन और शृंगार सामग्री की जरूरत होती है।
माता तुलसी का पौधा और भगवान शालिग्राम।
मंडप बनाने के लिए चार गन्ने के तने।
लाल चुनरी, चूड़ी, बिंदी, सिंदूर, मेहंदी और आलता।
भगवान शालिग्राम के लिए पीले वस्त्र और जनेऊ।
हल्दी, कुमकुम, अक्षत, चंदन और कलावा।
धूप, दीप, कपूर और फूल-माला।
आंवला, बेर, सिंघाड़ा, शकरकंद और मौसमी फल।
बताशे, लड्डू और अन्य मिठाइयां।
पूजा के लिए चौकी, कलश और आरती की थाली।
तुलसी विवाह के दिन शाम को स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद तुलसी के पौधे के आसपास साफ-सफाई करके विवाह की तैयारियां शुरू करें।
पहले तुलसी के गमले के चारों ओर गन्ने के चार तने लगाकर मंडप तैयार करें। आसपास रंगोली बनाएं और दीपक जलाएं।
फिर एक साफ चौकी पर पीला वस्त्र बिछाकर भगवान शालिग्राम को स्थापित करें। माता तुलसी को लाल चुनरी और शृंगार सामग्री अर्पित करें।
इसके बाद माता तुलसी और भगवान शालिग्राम को हल्दी लगाएं और कलावे या पवित्र वस्त्र से दोनों का गठबंधन करें।
फिर धूप, दीप, फूल, अक्षत और चंदन लगाकर विधि-विधान से पूजा करें। भगवान विष्णु को तुलसी दल और मौसमी फलों का भोग लगाएं।
इस दौरान पारंपरिक विवाह की मंगल गीत गाएं और विवाह की रस्में पूरी करें। भगवान विष्णु के मंत्र 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' का जाप करें।
अंत में माता तुलसी और भगवान शालिग्राम की आरती करें। अपनी श्रद्धा के अनुसार परिक्रमा करके परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करें।
बता दें कि देवउठनी एकादशी को भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने का पर्व के रूप में मनाया जाता है। इसके साथ ही कार्तिक मास के चातुर्मास का समापन होता है। धार्मिक परंपरा में इस अवसर के बाद विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत मानी जाती है।