तुलसी त्रिरात्र व्र (सांकेतिक फोटो)
धर्म

Tulsi Tri Ratri Vrat: तुलसी त्रिरात्र व्रत का आज दूसरा दिन, जानें पद्म पुराण में वर्णित पूजा विधि और महिमा

Tulsi Tri Ratri Vrat 2026: तुलसी त्रिरात्र व्रत का क्या महत्व है? जानिए पद्म पुराण में वर्णित भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा विधि, तीन दिन के व्रत के नियम, अर्घ्य विधान और धार्मिक मान्यताएं।

स्निग्धा श्रीवास्तव

Highlights:

  • तुलसी त्रिरात्र व्रत का दूसरा दिन आज, भगवान विष्णु की पूजा से पुण्य मिलता है।

  • तुलसी त्रिरात्र व्रत 18 नवंबर से शुरू होकर 20 नवंबर 2026 तक चलेगा।

  • कार्तिक शुक्ल नवमी से एकादशी तक भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा का विधान है।

  • पद्म पुराण के उत्तरखंड में तुलसी त्रिरात्र व्रत की विधि और महिमा का वर्णन मिलता है।

  • नवमी, दशमी और एकादशी को नारियल, बिजौरा और अनार से अर्घ्य देने की परंपरा है।

  • व्रत के दौरान तुलसी पूजन, दीपदान, रात्रि जागरण और द्वादशी को दान-पुण्य का विशेष महत्व है।

Tulsi Tri Ratri Vrat Puja Vidhi: हिंदू धर्म में कार्तिक मास को भगवान विष्णु की आराधना के लिए अत्यंत पवित्र माना जाता है। इस महीने में तुलसी पूजन, दीपदान, व्रत और भगवान विष्णु की भक्ति का विशेष महत्व है। कार्तिक शुक्ल पक्ष में किया जाने वाला तुलसी त्रिरात्र व्रत भी विशेष धार्मिक महत्व रखता है।

वर्ष 2026 में यह व्रत 18 नवंबर से 20 नवंबर तक मनाया जा रहा है। तीन दिन और तीन रात तक चलने वाले इस व्रत में भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और तुलसी माता की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। पद्म पुराण के उत्तर खंड (छठा और अंतिम भाग) में इस व्रत की विधि और महिमा का विस्तार से वर्णन मिलता है। धार्मिक मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक व्रत करने से अक्षय पुण्य, सुख-समृद्धि और भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है।

20 नवंबर को होगा समापन

तुलसी त्रिरात्र यानी विष्णु त्रिरात्रि व्रत कार्तिक शुक्ल नवमी से शुरू होकर दशमी और एकादशी तक तीन दिनों तक चलता है। इस वर्ष 18 नवंबर को आंवला नवमी के दिन व्रत का आरंभ हुआ, 19 नवंबर को इसका दूसरा दिन है और 20 नवंबर को एकादशी तिथि के साथ व्रत की अवधि पूर्ण होगी। धार्मिक परंपराओं के अनुसार व्रत के पारण और समापन की विधि पंचांग अनुसार निर्धारित की जाती है।

त्रिरात्र व्रत का अर्थ तीन रातों तक विशेष धार्मिक नियमों का पालन करना है। व्रती को इस दौरान संयम, सात्विकता, ब्रह्मचर्य और भगवान की भक्ति में समय व्यतीत करने का विधान बताया गया है। पद्म पुराण के अनुसार, व्रत करने वाले व्यक्ति को नवमी तिथि से नियम ग्रहण करना चाहिए, पृथ्वी पर शयन करना चाहिए और इंद्रियों को नियंत्रित रखना चाहिए। तुलसी वन या तुलसी के पौधे के समीप रात्रि में विश्राम करना भी इस व्रत का विशेष नियम माना गया है।

तुलसी त्रिरात्र व्रत की पूजा विधि

पद्म पुराण के उत्तर खंड (छठा और अंतिम भाग) में तुलसी त्रिरात्र व्रत के विधान का वर्णन करते हुए भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है। व्रती को मध्याह्न में नदी अथवा पवित्र जल में स्नान कर देवताओं और पितरों का तर्पण करना चाहिए। इसके बाद भगवान लक्ष्मीनारायण की प्रतिमा स्थापित कर पीले और सफेद वस्त्र अर्पित करने का विधान है।

पूजा में पंचामृत, गंगाजल, चंदन, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य, फल और तुलसी दल अर्पित किए जाते हैं। भगवान विष्णु की प्रसन्नता के लिए हवन करने और नवग्रह शांति कराने की परंपरा भी बताई गई है। तुलसी के पौधे के समीप भगवान का ध्यान कर भक्त सुख, शांति, ज्ञान और समृद्धि की कामना करते हैं।

अलग-अलग वस्तुओं से अर्घ्य देने का विधान

पद्म पुराण में त्रिरात्र तुलसी व्रत के दौरान तीनों तिथियों पर विशेष अर्घ्य देने की परंपरा है। नवमी को नारियल से अर्घ्य देने का विधान संतान सुख की कामना से जुड़ा है। दशमी को बिजौरा फल से अर्घ्य देना धर्म, काम और अर्थ की सिद्धि के लिए शुभ माना गया है। एकादशी को अनार से अर्घ्य देने का विधान बताया गया है, जिसे दरिद्रता दूर करने वाला माना जाता है।

व्रती को बांस के पात्र में सप्तधान्य और सात फल रखकर उसमें तुलसी दल, पुष्प और सुपारी अर्पित करनी चाहिए। पात्र को वस्त्र से ढककर भगवान विष्णु के समक्ष निवेदन किया जाता है।

रात्रि जागरण, भजन और दान-पुण्य का महत्व

व्रत के दौरान रात्रि में जागरण, भजन-कीर्तन, भगवान विष्णु के नामों का स्मरण, धार्मिक ग्रंथों का पाठ और पवित्र कथाओं का श्रवण करने का विधान बताया गया है। भक्त तुलसी के पौधे और भगवान लक्ष्मीनारायण के समीप दीप प्रज्वलित करते हैं। घी का दीपक जलाने और धूप अर्पित करने का भी विशेष महत्व है।

व्रत की पूर्णता पर द्वादशी तिथि में भगवान विष्णु की विधिवत पूजा करने तथा ब्राह्मणों और श्रद्धालुओं को भोजन कराने, वस्त्र, यज्ञोपवीत, फल, पुष्प, दक्षिणा और अन्य सामग्री दान करने की परंपरा बताई गई है। अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य करने और जरूरतमंदों की सहायता करने को भी पुण्यकारी माना गया है।

Patiala Bridge Collapse: पंजाब के पटियाला-संगरूर बाईपास पर भाखड़ा नहर का पुल ढहा, दो ट्रक नदी में गिरे

कल तट से टकराएगा Cyclone Akvan, ओडिशा के 13 जिलों में हाई अलर्ट, 400 से ज्यादा सेंटर तैयार, स्कूल बंद

Aaj Ka Mausam: मौसम का डबल अटैक! बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अकवान का खतरा, दिल्ली-NCR में घने कोहरे की चेतावनी

बांग्लादेश की आजादी से आपातकाल तक... इंदिरा गांधी के वो फैसले, जिन्होंने भारतीय इतिहास पर छोड़ी गहरी छाप

क्या इंदिरा गांधी को इमरजेंसी लगाने का पछतावा था, किसके कहने पर खत्म हुआ आपातकाल? इनसाइड स्टोरी