Hanuman Tekri Temple Ahmedabad: भारत ने ICC Men's T20 World Cup 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस ऐतिहासिक मैच में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए बड़ा स्कोर बनाया और फिर गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड पर काफी दबाव बनाया।
इस जीत के साथ ही भारत ने T20 क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है। टीम इंडिया घरेलू धरती पर T20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने वाली पहली टीम बन गई है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ियों और क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखा गया। वहीं खेल जीतने के बाद टीम के कुछ सदस्य को अहमदाबाद के एक प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में देखा गया।
वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह ट्रॉफी के साथ अहमदाबाद के एक प्रसिद्ध हनुमान मंदिर पहुंचे। तीनों ने यहां भगवान हनुमान के दर्शन कर टीम की जीत के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव के हाथों में टी20 वर्ल्ड कप की चमचमाती ट्रॉफी भी दिखाई दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट फैंस इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
जहां टीम इंडिया दर्शन के लिए पहुंची, वह मंदिर अहमदाबाद के मोटेरा इलाके में स्थित हनुमान टेकरी मंदिर है। यह मंदिर नरेंद्र मोदी स्टेडियम के पास ही बना हुआ है। भले ही यह मंदिर आकार में छोटा है, लेकिन इसकी धार्मिक मान्यता काफी बड़ी मानी जाती है। स्टेडियम में मैच देखने आने वाले कई क्रिकेट प्रेमी भी यहां आकर दर्शन करते हैं।
इस मंदिर की सबसे खास बात यह है कि यह स्टेडियम बनने से भी पहले से इस स्थान पर मौजूद है। जब मोटेरा क्षेत्र में विशाल स्टेडियम का निर्माण किया गया, तब इस मंदिर को हटाने के बजाय उसी स्थान पर सुरक्षित रखा गया। आज भी यह मंदिर स्टेडियम परिसर के पास श्रद्धालुओं के लिए खुला रहता है।
इस मंदिर में स्थापित भगवान हनुमान की मूर्ति बाल स्वरूप यानी बच्चे के रूप में मानी जाती है। भक्तों का मानना है कि यहां विराजमान हनुमान जी बहुत शक्तिशाली और चमत्कारी हैं। स्थानीय लोगों के बीच इस मंदिर की गहरी आस्था है और यहां रोजाना श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने आते हैं। कई लोग मानते हैं कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नत जरूर पूरी होती है।
इसके साथ ही हनुमान टेकरी मंदिर को उसकी प्राचीनता और मान्यता के लिए जाना जाता है, एक सूत्र के अनुसार यह मंदिर 500 साल पुराना है। वहीं टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ियों का यहां दर्शन करने पहुंचना भी क्रिकेट और आस्था के इस खास संबंध को दर्शाता है।