Silver Toe Ring Benefits: विवाह के बाद भारतीय महिलाओं के श्रृंगार में सिंदूर, बिंदी और चूड़ियों के साथ चांदी की बिछिया यानी सिल्वर टो रिंग का भी खास स्थान है। महिलाएं दोनों पैरों की दूसरी उंगली में चांदी की बिछिया पहनती हैं।
यह सिर्फ पैरों की खूबसूरती बढ़ाने वाला आभूषण नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही परंपरा और वैवाहिक पहचान से भी जुड़ा हुआ है। अलग-अलग क्षेत्रों में इसे बिछिया, बिछवा, मेट्टी के नाम से जाना जाता है।
भारतीय परंपरा में बिछिया को विवाहित महिला का श्रृंगार माना जाता है। कई समुदायों में विवाह के दौरान दुल्हन को दोनों पैरों की दूसरी उंगली में बिछिया पहनाने की रस्म निभाई जाती है। जिस तरह मंगलसूत्र और सिंदूर वैवाहिक जीवन के प्रतीक माने जाते हैं, उसी तरह बिछिया भी शादीशुदा होने की पहचान बताता है।
बिछिया चांदी की बनाई जाती है। कहा जाता है कि सोना एक पवित्र धातु है, इसलिए इसे कमर के नीचे धारण नहीं करना चाहिए। इसलिए कमरबंद, पायल या बिछिया चांदी की बनाई जाती है। हालांकि दक्षिण भारत में सोने की पायल पहनने का रिवाज है।
बिछिया को लेकर आयुर्वेद और पारंपरिक भारतीय चिकित्सा से जुड़ी कई मान्यताएं प्रचलित हैं। माना जाता है कि पैर की दूसरी उंगली में बिछिया पहनने से वहां हल्का दबाव पड़ता है और यह शरीर के कुछ खास बिंदुओं पर प्रेशर डालता है। इसे एक्यूप्रेशर कहते हैं, जिसका असर ब्रेन पर पड़ता है। इसे महिलाओं के रीप्रोडक्टिव सिस्टम और मासिक धर्म से भी जोड़ा जाता है।
पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार दूसरी पैर की उंगली का संबंध महिलाओं के प्रजनन अंगों से माना जाता है। बिछिया से पड़ने वाले हल्के दबाव को मासिक धर्म चक्र और प्रजनन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद बताया गया है।
चांदी को आयुर्वेद में ठंडी प्रकृति वाली धातु माना जाता है। इसी वजह से ऐसा विश्वास है कि चांदी के आभूषण शरीर में गर्मी और ऊर्जा के संतुलन को बनाए रखते हैं। चांदी की बिछिया पहनने से शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है।
पैरों की उंगलियों पर हल्का दबाव कई लोगों को आरामदायक लगता है। इसी आधार पर पारंपरिक चिकित्सा में पैरों के कुछ खास बिंदुओं पर दबाव पड़ने से रक्त संचार बेहतर होता है और थकान कम होता है।
शरीर के अलग-अलग हिस्सों के प्रेशर प्वाइंट को ऊर्जा और मानसिक संतुलन से जोड़ा गया है। इसी वजह से बिछिया को भी मन को शांत रखने और शरीर में संतुलन बनाए रखने वाला माना जाता है। कुछ महिलाओं को आभूषण पहनने से व्यक्तिगत रूप से आराम या जुड़ाव महसूस हो सकता है, लेकिन इसे तनाव या मानसिक स्वास्थ्य का भी कारक माना गया है।
अगर आप रोज बिछिया पहनती हैं, तो उसका आकार बहुत ज्यादा बड़ा न हो। साथ ही बिछिया को बहुत ज्यादा दबाकर या टाइट न पहने। पैर की उंगली में दर्द, सुन्नपन, लाल निशान या सूजन महसूस हो तो बिछिया को उतार दे या फिर ढीली कर दें।