UPI चार्ज पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, गौरव गोगोई ने लगाए गंभीर आरोप, कहा- संसदीय समिति में नहीं हुई चर्चा

Congress UPI Tax Protest: कांग्रेस सांसदों ने 2,000 रुपये से अधिक के UPI लेनदेन पर 0.4% MDR फीस का विरोध किया है और दावा किया कि संसदीय समिति में इस पर कोई चर्चा नहीं हुई।
Congress UPI Tax Protest
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई (सोर्स- सोसल मीडिया)
Published on
Updated on

Congress on UPI MDR Charge: कांग्रेस सांसदों ने गुरुवार को 2,000 रुपए से ज्‍यादा के कुछ यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ट्रांजेक्शन पर हाल ही में घोषित 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) पर चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि इस प्रस्ताव पर वित्त मामलों की संसदीय स्थायी समिति ने चर्चा नहीं की थी। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने 0.4 प्रतिशत चार्ज की घोषणा की है।

कांग्रेस के मुताबिक, ज्‍यादातर व्यापारियों को प्रति ट्रांजेक्शन 2,000 रुपए से ज्‍यादा के UPI पेमेंट पर बैंकों और पेमेंट प्रोसेसर को यह चार्ज देना होगा। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर एक पोस्‍ट में कहा कि प्रस्तावित UPI चार्ज पर वित्त मामलों की संसदीय स्थायी समिति ने चर्चा नहीं की थी। 

UPI टैक्स को संसदीय समिति में नहीं हुई चर्चा

गौरव गोगोई ने दावा किया कि जब वित्त विभाग के प्रतिनिधि समिति के सदस्यों से मिले थे, तो उन्होंने UPI टैक्स से जुड़ा कोई खास प्रस्ताव समिति के सामने नहीं रखा था। गोगोई ने कहा, वित्त मामलों की संसदीय स्थायी समिति ने उस UPI टैक्स प्रस्ताव पर चर्चा नहीं की है जिसकी घोषणा मोदी सरकार ने हाल ही में की है। जब वित्त विभाग के अधिकारी वित्त समिति के सदस्यों से मिले, तो उनके पास यूपीआई टैक्स पर कोई खास प्रस्ताव नहीं था।

उन्होंने दावा किया कि समिति के सदस्यों ने MDR की जरूरत पर सवाल उठाए थे, लेकिन चर्चा के दौरान सरकारी प्रतिनिधियों ने कोई खास या संतोषजनक जवाब नहीं दिया। गोगोई ने कहा मैं फिर से कहता हूं कि हालिया UPI टैक्स नीतियां छोटे भारतीय व्यापारियों, वेंडर्स और उद्यमियों को नुकसान पहुंचाएंगी और बड़ी अमेरिकी कंपनियों को फायदा पहुंचाएंगी। वित्त मामलों की संसदीय स्थायी समिति में पांच कांग्रेस सांसदों में पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम, मनीष तिवारी, गौरव गोगोई, किशोरी लाल और के. गोपीनाथ शामिल थे।

MDR से जुड़ा कोई खास प्रस्ताव पेश नहीं

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने गौरव गोगोई की बात का समर्थन करते हुए कहा कि संसदीय स्थायी समितियों की कार्यवाही गोपनीय होती है और उनके मुताबिक, इसका इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

Congress UPI Tax Protest
UPI पर GST की बात सिर्फ अफवाह, सरकार ने दी सफाई, कहा- MDR नियमों की कमियों को दूर करेंगे

तिवारी ने गोगोई के इस दावे का भी समर्थन किया कि समिति के सामने UPI ट्रांजेक्शन पर हालिया MDR से जुड़ा कोई खास प्रस्ताव पेश नहीं किया गया था, जिसमें प्रस्तावित दर और छूट का विवरण शामिल हो। कमेटी के सदस्यों ने एमडीआर को लाने के पीछे के बड़े सिद्धांत और तर्क को लेकर भी चिंताएं जताई थी।

तिवारी ने इस दावे पर भी आपत्ति जताई कि प्रस्तावित उपाय को कमेटी के कुछ सदस्यों का समर्थन मिला था। उन्होंने कहा, यह दावा करना कि किसी खास उपाय को कमेटी के 'कुछ सदस्यों' का समर्थन मिला था, संसदीय कमेटी की गोपनीय कार्यवाही का गलत और भ्रामक वर्णन है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com