मेष राशि का वार्षिक राशिफल 2026(सौ.सोशल मीडिया) 
राशिफल

मेष राशि का कैसा रहेगा नया साल 2026, जानिए क्या बोल रहा है वार्षिक राशिफल

Mesh Varshik Rashifal 2026: नया साल 2026 मेष राशि वालों के लिए कई बड़े बदलाव लेकर आ रहा है। करियर, धन, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन में उतार-चढ़ाव के साथ नए अवसर भी मिलेंगे।

सीमा कुमारी

Mesh Yearly Rashifal 2026: नया साल 2026 मेष राशि वालों के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है। इस वर्ष गुरु तीन बार राशि परिवर्तन करेंगे, जबकि शनि द्वादश भाव में रहकर साढ़ेसाती का प्रभाव बनाए रखेंगे। राहु-केतु की स्थिति भी पूरी तरह अनुकूल नहीं रहेगी। ऐसे में जीवन के हर क्षेत्र में सावधानी और धैर्य जरूरी होगा। आइए जानते हैं ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा से मेष राशि का वार्षिक राशिफल 2026।

ग्रह गोचर का प्रभाव

जनवरी से 2 जून 2026 तक गुरु तीसरे भाव में रहेंगे, जिनकी दृष्टि भाग्य और लाभ भाव पर पड़ेगी। 2 जून से 31 अक्टूबर 2026 तक गुरु चौथे भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे पारिवारिक जिम्मेदारियों से दूरी बन सकती है। 31 अक्टूबर के बाद गुरु पंचम भाव में आएंगे, जो नौकरी और संतान से जुड़े मामलों में शुभ रहेगा। शनि पूरे वर्ष द्वादश भाव में रहेंगे, जिससे खर्च, तनाव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।

पारिवारिक जीवन

मेष राशि वालों के लिए पारिवारिक जीवन की शुरुआत कुछ तनावपूर्ण रह सकती है। जनवरी से 2 जून तक गुरु की स्थिति अनुकूल न होने के कारण परिवार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलेगा। बेवजह के विवाद हो सकते हैं, इसलिए वाणी पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा। 2 जून के बाद पारिवारिक संबंधों में सुधार आएगा और रिश्ते मजबूत होंगे। 31 अक्टूबर के बाद संतान पक्ष से सुखद समाचार मिल सकते हैं और मनोबल में वृद्धि होगी, हालांकि पूरे वर्ष खर्च आय से अधिक रह सकता है।

व्यापार और नौकरी

2026 में व्यापार में मेहनत तो अधिक करनी पड़ेगी, लेकिन शुरुआती महीनों में परिणाम संतोषजनक नहीं रहेंगे। 20 जनवरी से 17 मई के बीच शनि की प्रतिकूल स्थिति के कारण निवेश से बचना बेहतर होगा। 2 जून के बाद धीरे-धीरे व्यापार में लाभ के योग बनेंगे और आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। अंतरराष्ट्रीय व्यापार या ट्रेडिंग से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों के लिए वर्ष मिला-जुला रहेगा। सहकर्मियों और अधिकारियों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलेगा, इसलिए संयम और आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी होगा।

शिक्षा और करियर

विद्यार्थियों के लिए 2026 मेहनत भरा वर्ष रहेगा। पढ़ाई में निरंतर फोकस बनाए रखना जरूरी होगा। माता-पिता और गुरुजनों का आशीर्वाद मिलेगा, जिससे शिक्षा में प्रगति होगी। उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए समय अनुकूल है, खासकर जो घर से दूर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। करियर में शनि के प्रभाव से कुछ बाधाएं आएंगी, लेकिन रिसर्च और नए क्षेत्रों में काम करने वालों को अच्छे अवसर मिल सकते हैं।

मकान और भूमि

भूमि और भवन को लेकर वर्ष की शुरुआत में उत्साह रहेगा। जनवरी से 2 जून के बीच सही योजना और सूझ-बूझ से संपत्ति से जुड़े फैसले लाभदायक हो सकते हैं। हालांकि शनि के कारण कानूनी या पारिवारिक विवाद की आशंका बनी रहेगी। जल्दबाजी से बचना जरूरी होगा।

वाहन सुख

2026 में वाहन सुख के लिए कुछ संघर्ष करना पड़ सकता है। शुरुआती महीनों में धन को लेकर चिंता बनी रहेगी। 2 जून से 31 अक्टूबर के बीच गुरु के चौथे भाव में रहने से वाहन खरीदने के योग बनेंगे और धीरे-धीरे इच्छाएं पूरी होंगी।

प्रेम संबंध और वैवाहिक जीवन

प्रेम संबंधों में सावधानी जरूरी होगी। पंचम भाव में केतु और लाभ भाव में राहु होने के कारण गलतफहमियां बढ़ सकती हैं। बातचीत में संयम रखें और रिश्ते में ईमानदारी बनाए रखें। अविवाहित लोगों को विवाह प्रस्ताव मिल सकता है। वैवाहिक जीवन में पूरे वर्ष छोटी-छोटी बातों पर तनाव हो सकता है, लेकिन 2 जून के बाद रिश्तों में सुधार के संकेत हैं।

स्वास्थ्य

स्वास्थ्य के लिहाज से वर्ष चुनौतीपूर्ण रह सकता है। शनि की साढ़ेसाती और मंगल की कमजोर स्थिति के कारण जनवरी से जून तक कमर और पैरों से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। वात रोग और थकान परेशान कर सकती है। वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और नियमित दिनचर्या अपनाएं।

लकी फैक्टर और उपाय

लकी नंबर: 7 लकी रंग: लाल

उपाय:

नित्य भगवान शिव का पूजन करें। जरूरतमंद लोगों को भोजन कराएं। प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करना लाभकारी रहेगा।

आज की ताजा खबर 16 अगस्त LIVE: बंगाल के नदिया में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या, अरुणाचल के अंजाव में बाढ़

ससुराज मेरी और मजे तुम उड़ाते हो, जब बड़े भाई ने अटलजी से मजाक में कही थी यह बात

आज की ताजा खबर 15 अगस्त LIVE: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें

छात्रों की भावनाएं महत्वपूर्ण...CJI की फटकार के बाद बैकफुट पर BCI अध्यक्ष मनन मिश्रा, लॉ छात्रों से मांगी माफी

तिरंगा फहराने पहुंचीं TMC नेता उपासना चौधरी पर फेंके अंडे, BJP-ABVP पर हमले का आरोप; मचा सियासी बवाल