Raksha Bandhan Gift Ideas: रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त, शुक्रवार को पूरे देश में मनाया जाएगा। हर साल सावन महीने की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाने वाला रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक माना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र यानी राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हैं।
वहीं, भाई भी अपनी बहनों की रक्षा का वचन देते हैं और उन्हें उपहार देकर अपना प्यार जताते हैं। मान्यता है कि राखी का यह पवित्र बंधन भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत करता है।
अगर आप भी इस रक्षाबंधन अपनी बहन को कुछ खास और यादगार देना चाहते हैं, तो ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार ऐसे उपहार चुनें जो न केवल उन्हें पसंद आएं, बल्कि उनके जीवन में सुख-समृद्धि और सौभाग्य भी लाएं।
ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार, अगर आपकी बहन धार्मिक विचारों की है तो आप उसे लक्ष्मी-गणेश की छोटी प्रतिमा उपहार में दे सकते हैं। धार्मिक मान्यताओं में भगवान गणेश को सुख-समृद्धि और शुभ शुरुआत का प्रतीक माना जाता है, जबकि माता लक्ष्मी को धन और समृद्धि की देवी माना जाता है।
आप रक्षाबंधन पर बहन को लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा यानी मूर्ति के अलावा, बहन को चांदी का कोई छोटा आभूषण या उपयोगी वस्तु उपहार भी दे सकते है।आप चांदी की पायल, अंगूठी, ब्रेसलेट या कोई छोटी चांदी की वस्तु दे सकते है।
रक्षाबंधन पर बहन को नए कपड़े देना भी शुभ माना जाता है। आप उनकी पसंद के अनुसार साड़ी, सूट, ड्रेस या कोई अन्य पारंपरिक परिधान दे सकते है। भारतीय परंपरा में नए वस्त्रों को शुभता और नई शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है। खासतौर पर तीज -त्योहार के मौके पर किसी को नए कपड़े देना प्रेम और सम्मान का प्रतीक माना जाता है।
आपको बता दें, शुभ उपहार का मतलब यह नहीं है कि आपको केवल धार्मिक या पारंपरिक चीज ही देनी है। रक्षाबंधन का असली भाव भाई-बहन के रिश्ते और प्यार से जुड़ा है। इसलिए बहन की पसंद को ध्यान में रखकर दिया गया उपहार भी सबसे खास हो सकता है। आप हैंडबैग, घड़ी, ज्वेलरी या उसकी जरूरत की कोई चीज भी दी जा सकती है।