Mathura Vrindavan Parikrama On Akshaya Navami: हिंदू धर्म में अक्षय नवमी का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व माना जाता है। इसे आंवला नवमी के नाम से भी जाना जाता है। कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व पर पूजा-पाठ, तीर्थयात्रा और दान-पुण्य करने की परंपरा है।
देवउठनी एकादशी से दो दिन पहले अक्षय नवमी को मथुरा, गरुड़ गोविंद और वृंदावन की लगभग 54 किलोमीटर लंबी सामूहिक परिक्रमा लगाई जाती है। अक्षय नवमी के अवसर पर मथुरा और वृंदावन में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ उमड़ती है। बड़ी संख्या में भक्त भगवान श्रीकृष्ण की नगरी पहुंचकर मथुरा-वृंदावन की परिक्रमा करते हैं।
धार्मिक मान्यता है कि अक्षय नवमी के दिन किए गए धार्मिक कार्यों का पुण्य अक्षय यानी कभी समाप्त नहीं होने वाला होता है। यही वजह है कि इस दिन तीर्थयात्रा, पूजा-पाठ, मंत्र जाप और जरूरतमंदों को दान देने का विशेष महत्व है। भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली मथुरा और वृंदावन में इस दिन परिक्रमा करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है।
शास्त्रों और पंचांग गणना के अनुसार, कार्तिक शुक्ल नवमी (अक्षय नवमी) के दिन ही सतयुग का प्रारंभ हुआ था। इसी कारण इसे 'युगादि तिथि' भी कहा जाता है।
अक्षय नवमी पर मथुरा-वृंदावन की परिक्रमा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने कंस वध से पहले तीन वनों की परिक्रमा करके अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष का संदेश दिया था। इसी परंपरा का अनुसरण करते हुए आज भी श्रद्धालु अक्षय नवमी पर ब्रज की परिक्रमा करते हैं।
धार्मिक मान्यता है कि यह परिक्रमा असत्य पर सत्य की विजय और अधर्म के विरुद्ध धर्म की स्थापना का प्रतीक है। इस दौरान देश के अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु ब्रजभूमि पहुंचते हैं और परिक्रमा में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद की कामना करते हैं।
धार्मिक परंपराओं में अक्षय नवमी को संघर्ष और क्रांति के शंखनाद से भी जोड़कर देखा जाता है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने ग्वाल-बालों और ब्रजवासियों को एकजुट करने के लिए इस तिथि पर तीन वनों की परिक्रमा की थी। इसे अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध एकजुटता का प्रतीक माना जाता है।
कथाओं के अनुसार, अक्षय नवमी पर हुए इस आयोजन के बाद अगले दिन दशमी तिथि को कंस वध की घटना से इस परंपरा को जोड़ा जाता है। इसी वजह से कुछ धार्मिक मान्यताओं में अक्षय नवमी को युद्ध आह्वान दिवस के रूप में भी महत्व दिया जाता है।
मथुरा को भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि होने का गौरव प्राप्त है। यहां के मंदिरों और धार्मिक स्थलों का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। अक्षय नवमी के दिन श्रद्धालु मथुरा की परिक्रमा करते हुए रास्ते में आने वाले मंदिरों में दर्शन और पूजन करते हैं।
इस दौरान भक्त भगवान श्रीकृष्ण के नाम का जाप करते हुए परिक्रमा पूरी करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि मथुरा की परिक्रमा करने से तीर्थयात्रा के समान पुण्य प्राप्त होता है। श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जीवन में शांति के लिए भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना करते हैं।
वृंदावन को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और रासलीलाओं की पवित्र भूमि माना जाता है। यहां की परिक्रमा का भी विशेष धार्मिक महत्व है। अक्षय नवमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन पहुंचकर परिक्रमा करते हैं और रास्ते में पड़ने वाले मंदिरों एवं पवित्र स्थलों के दर्शन करते हैं।
परिक्रमा के दौरान भक्त राधे-राधे और श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हैं। मान्यता है कि वृंदावन की पवित्र भूमि की परिक्रमा करने से मन को शांति मिलती है और राधा-कृष्ण का आशीर्वाद मिलता है।
अक्षय नवमी के दिन केवल तीर्थयात्रा और परिक्रमा ही नहीं, बल्कि दान-पुण्य करना भी अत्यंत शुभ माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र, धन और अन्य उपयोगी वस्तुओं का दान करते हैं।
इसके अलावा मंदिरों में भगवान के दर्शन, पूजा-अर्चना, मंत्र जाप और भजन-कीर्तन करने की परंपरा है। आंवला नवमी होने के कारण इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा का भी विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन श्रद्धा से किए गए शुभ कार्यों का पुण्य लंबे समय तक बना रहता है।