Tiffany Trump Jaisalmer Visit Michael Boulos: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप दिल्ली और आगरा की यात्रा के बाद, टिफनी अपने पति माइकल बुलोस के साथ रविवार को राजस्थान के ऐतिहासिक शहर जैसलमेर पहुंचीं। जैसलमेर पहुंचने पर इस हाई-प्रोफाइल जोड़े का स्वागत करने के लिए भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
जैसलमेर पहुंचने के बाद टिफनी ट्रंप ने विश्व प्रसिद्ध जैसलमेर फोर्ट का दौरा किया। सुनहरे पत्थरों से बने इस जीवंत किले की वास्तुकला और इतिहास को देखकर वो काफी खुश नजरा आईं। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इस यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि जैसलमेर में एक शानदार दिन बीता और राजस्थान वास्तव में बहुत शानदार है। वहीं टिफनी ने भी इस यात्रा को अपनी सबसे शानदार यात्रा बताया।
टिफनी ट्रंप की सुरक्षा को लेकर भारतीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखीं। रविवार को जब वह विशेष विमान से जैसलमेर एयरपोर्ट पर उतरीं, तो वहां सुरक्षा का कड़ा पहरा था। सुरक्षा की संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एयरपोर्ट के बाहर भारत के अत्याधुनिक वायु रक्षा सिस्टम 'आकाश' को तैनात किया गया था।
यह सिस्टम भारतीय सेना और वायुसेना की मजबूत रक्षा क्षमता का प्रतीक माना जाता है। इसके अलावा, पूरे काफिले के लिए हाई-सिक्योरिटी और बुलेटप्रूफ वाहनों की व्यवस्था की गई थी।
जैसलमेर आने से पहले टिफनी और माइकल ने भारत के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों का आनंद लिया। शनिवार को उन्होंने आगरा में 'मोहब्बत की निशानी' ताजमहल का दीदार किया था। ताजमहल की खूबसूरती से प्रभावित टिफनी ने सोशल मीडिया पर इसे 'द स्टनिंग ताजमहल' लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। इससे पहले, शुक्रवार को इस जोड़े ने दिल्ली के स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर का दौरा किया था, जिसे टिफनी ने 'अभूतपूर्व' अनुभव बताया।
यह भी पढ़ें:- म्यांमार में भीषण धमाका: खनन विस्फोटकों में ब्लास्ट से 45 लोगों की मौत, चीनी बॉर्डर के पास मची भारी तबाही
जैसलमेर में यह दंपति प्रसिद्ध सूर्यगढ़ होटल में रुका है, जहां उनका स्वागत पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ किया गया। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच उनका काफिला एयरपोर्ट से सीधे होटल और फिर पर्यटन स्थलों की ओर रवाना हुआ। टिफनी का यह दौरा राजस्थान के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर और अधिक मजबूती प्रदान कर रहा है।