Highlights:
राजस्थान अब पारंपरिक पहचान से आगे बढ़कर वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित हो रहा है।
इसी रणनीति के साथ राजस्थान पर्यटन विभाग ने वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट लंदन 2026 में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में प्रदेश का फोकस वैश्विक ट्रैवल ट्रेड से साझेदारी स्थापित करने पर है।
Rajasthan In UK Tourism Market: राजस्थान अब अपनी पारंपरिक पहचान किलों, महलों और रेगिस्तान से आगे बढ़कर वन्यजीव, ग्रामीण जीवन, लोक संस्कृति, इको-टूरिज्म, वेलनेस और विशिष्ट पर्यटन अनुभवों के वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी रणनीति के साथ राजस्थान पर्यटन विभाग ने दुनिया के प्रमुख पर्यटन व्यापार आयोजनों में शामिल वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट (डब्लूटीएम) लंदन 2026 में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
3 से 5 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में प्रदेश का फोकस वैश्विक ट्रैवल ट्रेड से साझेदारी, पर्यटन निवेश और नए पर्यटन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थापित करने पर है।
मंगलवार को राजस्थान पवेलियन का उद्घाटन राज्यसभा सांसद एवं पद्म विभूषण सम्मानित सुधा मूर्ति, केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान की उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी, गोवा के पर्यटन मंत्री रोहित कुंते तथा ब्रिटेन में भारत के उप उच्चायुक्त कार्तिक पांडे ने किया। इस अवसर पर राजस्थान पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़, वरिष्ठ अतिरिक्त निदेशक आनंद कुमार त्रिपाठी और अतिरिक्त निदेशक पवन कुमार जैन भी उपस्थित रहे।
आयोजन में राजस्थान के निजी क्षेत्र के पर्यटन हितधारक, ट्रैवल एजेंट, टूर ऑपरेटर्स और होटल व्यवसायी भी भाग ले रहे हैं। राजस्थान पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ के अनुसार, डब्लूटीएम लंदन प्रदेश के पर्यटन उत्पादों को वैश्विक बाजार की आवश्यकताओं और यात्रियों की बदलती रुचियों के अनुरूप प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच है।
इस दौरान राजस्थान पर्यटन विकास निगम की प्रमुख पर्यटन पेशकशों, विशेष रूप से शाही रेलगाड़ी 'पैलेस ऑन व्हील्स' के प्रचार-प्रसार एवं बुकिंग को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
राजस्थान के लिए ब्रिटेन महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार है। पिछले कुछ वर्षों के आंकड़े इस बाजार में प्रदेश की बढ़ती लोकप्रियता दर्शाते हैं। वर्ष 2022 में ब्रिटेन से राजस्थान आने वाले पर्यटकों की संख्या 29,532 थी, जो वर्ष 2023 में बढ़कर 96,394, वर्ष 2024 में 1,28,994 और वर्ष 2025 में 1,33,978 तक पहुंच गई। इस प्रकार वर्ष 2022 की तुलना में वर्ष 2025 में ब्रिटेन से पर्यटक आगमन चार गुना से अधिक रहा।
ब्रिटेन के साथ फ्रांस, जर्मनी, इटली और स्पेन भी राजस्थान के महत्वपूर्ण यूरोपीय पर्यटन बाजार हैं। वर्ष 2025 में फ्रांस से 1,31,270, जर्मनी से 82,703, इटली से 71,636 और स्पेन से 38,841 पर्यटक राजस्थान पहुंचे।
उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर व्यापक पहचान दिलाने के लिए पारंपरिक किलों-महलों की पहचान के साथ प्रदेश के नए और विविध पर्यटन आकर्षणों को भी दुनिया के सामने लाना आवश्यक है। वन्यजीव, ग्रामीण जीवन, इको-टूरिज्म, धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन, वेलनेस और स्थानीय संस्कृति से जुड़े अनुभव अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नए आकर्षण बन सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में राजस्थान की पहचान मजबूत करने के लिए ट्रैवल ट्रेड के साथ निरंतर संवाद, बाजार की जरूरतों के अनुरूप प्रचार और डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग जरूरी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार राजस्थान पर्यटन को वैश्विक बाजार से जोड़ने, निवेश आकर्षित करने और रोजगार के नए अवसर विकसित करने पर विशेष ध्यान दे रही है। सरकार की नीतियों के माध्यम से हेरिटेज होटल, ग्रामीण पर्यटन, इको-टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन, वेलनेस और डेस्टिनेशन वेडिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
राजस्थान पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ के अनुसार डब्लूटीएम जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच संभावित निवेशकों, विदेशी टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन कारोबारियों को प्रदेश की क्षमताओं से परिचित कराने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा की विशेष रूप से लग्जरी हॉस्पिटैलिटी, हेरिटेज प्रॉपर्टीज, ग्रामीण एवं अनुभव आधारित पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग के क्षेत्र में राजस्थान की संभावनाएं अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के लिए आकर्षक हैं। इस तरह से डब्लूटीएम लंदन में राजस्थान की भागीदारी प्रदेश को एक बहुआयामी वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
एफएचटीआर के संयुक्त तत्वावधान में 2 नवंबर को आयोजित हुआ 'राजस्थान ईवनिंग इन लंदन'; अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल ट्रेड और प्रवासी भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा।डब्लूटीएम लंदन 2026 के औपचारिक उद्घाटन से पहले 2 नवंबर को पर्यटन विभाग व फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में लंदन में 'राजस्थान ईवनिंग इन लंदन' के तहत भव्य रोड शो आयोजित किया गया।
उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल ट्रेड, हॉस्पिटैलिटी जगत और ब्रिटेन में रह रहे प्रवासी भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में राजस्थान के ऐतिहासिक किलों-महलों, वन्यजीव पर्यटन, ग्रामीण जीवन, लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और विशिष्ट पर्यटन अनुभवों को प्रदर्शित किया गया। राजस्थानी लोक नृत्य, पारंपरिक कलाओं और व्यंजनों ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विभिन्न संगठनों और प्रवासी भारतीय प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए राजस्थान के साथ उनके जुड़ाव को मजबूत बनाने तथा प्रदेश के पर्यटन विकास में उनकी भागीदारी की संभावनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम में ब्रिटेन में भारत के उप उच्चायुक्त कार्तिक पांडे, राजस्थान पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़, राजस्थान फाउंडेशन यूके चैप्टर के अध्यक्ष अजय अग्रवाल, डॉ. प्रह्लाद पेरोडा, विजया दवे और सुरेंद्र शेखावत सहित प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। भाजपा प्रतिनिधिमंडल के कुलदीप शेखावत और सुशील डोकवाल ने भी सहभागिता की।
रोड शो के माध्यम से राजस्थान ने अंतरराष्ट्रीय पर्यटन कारोबारियों के साथ व्यावसायिक साझेदारी बढ़ाने के साथ ही प्रवासी भारतीय समुदाय को प्रदेश के पर्यटन, निवेश और सांस्कृतिक प्रचार से जोड़ने का संदेश दिया।