Rajasthan News: 12 राष्ट्रीय योजनाओं में राजस्थान में अव्वल, 10 में दूसरा और 8 में तीसरा स्थान

Rajasthan Ranks First in 12 Schemes: राष्ट्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन में राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य 12 योजनाओं में पहले, 10 में दूसरे और 8 योजनाओं में तीसरे स्थान पर रहा।
Bhajanlal Sharma
भजनलाल शर्मासोर्स- IANS
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • राजस्थान ने 12 राष्ट्रीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों में देशभर में पहला स्थान हासिल किया।

  • 10 योजनाओं में दूसरा और 8 योजनाओं में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

  • फसल बीमा, पीएम-कुसुम, योग दिवस और स्वच्छता अभियान में राज्य का शानदार प्रदर्शन।

Rajasthan National Schemes Ranking: राष्ट्रीय योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य ने 12 राष्ट्रीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इसके अलावा 10 योजनाओं में दूसरा और 8 में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण समेत सभी क्षेत्रों में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रशासनिक दक्षता और केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों का परिणाम बताया।

सौर ऊर्जा, कृषि और स्वच्छता में राजस्थान पहले स्थान पर

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 में 2.18 करोड़ और रबी 2025-26 में 1.71 करोड़ पॉलिसियों के साथ राजस्थान देश में पहले स्थान पर रहा। पीएम-कुसुम योजना के कंपोनेंट-ए के तहत अक्षय एवं सौर ऊर्जा की स्थापना और कंपोनेंट-सी के तहत सौरकृत फीडरों की संख्या में भी राज्य ने पहला स्थान हासिल किया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर राजस्थान में 62,915 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में 85 लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। यह देश में सबसे अधिक सहभागिता रही। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 और पोषण पखवाड़ा 2026 की गतिविधियों में भी राजस्थान पहले स्थान पर रहा।

फिट इंडिया फ्रीडम रन 2024 के तहत देशभर में आयोजित 10,443 कार्यक्रमों में से 6 हजार से अधिक कार्यक्रम राजस्थान में हुए। वहीं, विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान 11,209 शिविरों के माध्यम से 5.94 लाख उज्ज्वला कनेक्शन देने के मामले में भी राज्य देश में पहले स्थान पर रहा।

जनजातीय कल्याण, अंगदान और खनन में भी उपलब्धि

धरती आबा जनभागीदारी अभियान में राजस्थान को बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट का पुरस्कार मिला। वर्ष 2025 में अंगदान और प्रत्यारोपण के क्षेत्र में भी राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया।

इसके अलावा तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम में बेहतर काम के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से विशेष तंबाकू निषेध पुरस्कार 2026 और खनिज ब्लॉकों की नीलामी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजस्थान को प्रथम पुरस्कार मिला।

Bhajanlal Sharma
राजस्थान सरकार के 2 साल का रिपोर्ट कार्ड, किसानों-महिलाओं के विकास पर फोकस, जानें 10 बड़ी उपलब्धियां

10 योजनाओं में राजस्थान को दूसरा स्थान

राजस्थान ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की फरवरी 2026 की रैंकिंग, पोषण माह 2025 की गतिविधियों और नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत आभा आईडी बनाने में देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया।

पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण, ऋण स्वीकृति और वितरण में भी राज्य दूसरे स्थान पर रहा। इसके साथ ही वीबी-जी राम जी कार्यक्रम के तहत लगभग 97 प्रतिशत ग्राम पंचायतों में काम शुरू होने के आधार पर राजस्थान को दूसरा स्थान मिला। मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी राजस्थान दवा योजना की मई 2026 की राष्ट्रीय रैंकिंग में भी राज्य दूसरे स्थान पर रहा।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों की लंबाई और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना में रूफटॉप सोलर से जुड़े आवेदनों, इंस्टॉलेशन, निरीक्षण और वेंडर पंजीकरण के मामले में भी राजस्थान को दूसरा स्थान मिला।

डेयरी क्षेत्र में राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार के तहत श्रेष्ठ डेयरी कोऑपरेटिव सोसाइटी और श्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन श्रेणी में राज्य को द्वितीय पुरस्कार मिला। कृषि विभाग को प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण के लिए राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस रजत पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।

8 योजनाओं में तीसरे स्थान पर रहा राजस्थान

पीएम-कुसुम योजना के कंपोनेंट-बी और कंपोनेंट-सी-एफएलएस के तहत सौर पंपों की संख्या के मामले में राजस्थान ने देश में तीसरा स्थान हासिल किया।

विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत सक्रिय श्रमिकों की संख्या, सृजित मानव दिवस और सक्रिय जॉब कार्ड के आधार पर भी राज्य तीसरे स्थान पर रहा।

Bhajanlal Sharma
राजस्थान में निवेश करें, विकास में भागीदार बनें; प्रवासियों से CM भजनलाल शर्मा की खास अपील

इसके अलावा टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान 2024, नेशनल प्रोग्राम फॉर पैलिएटिव केयर, जल संचय जनभागीदारी 1.0 अभियान और एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम के क्रियान्वयन में भी राजस्थान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सरकार सुशासन और विकास के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है।