सीजेपी ने आशीर्वाद का दीया जलाया (सोर्स- सोशल मीडिया)
राजस्थान

PM मोदी के जन्मदिन पर CJP ने जलाया आशीर्वाद का दीया, आशुतोष रांका ने शिक्षा मंत्री को दिया अल्टीमेटम

PM Modi 76th Birthday: पीएम मोदी के जन्मदिन पर CJP ने जयपुर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। पार्टी ने राजस्थान के सरकारी स्कूलों की बदहाली और कमजोर इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

अक्षय साहू

CJP Lit The Ashirwad ka Diya: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जयपुर में 'आशीर्वाद का दीया' जलाया। CJP नेता और प्रवक्ता आशुतोष रांका के नेतृत्व में जयपुर में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। रांका ने कहा कि CJP राजस्थान के सभी स्कूलों और कॉलेजों में आशीर्वाद के दीये जलाएगी, ताकि खराब सुविधाओं और कमजोर इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा सके।

जयपुर में हुए कार्यक्रम के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी की कोर टीम के सदस्य हाथों में जलते हुए दीये लेकर खड़े नजर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर इन दीयों को जलाया गया। आशुतोष रांका ने कहा कि पार्टी अब राजस्थान में अपने 'स्कूल देखो अभियान' को और तेज करेगी। इसके साथ ही CJP प्रवक्ता की ओर से राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को अल्टीमेटम भी दिया गया है।

सरकारी स्कूलों की बदहाली दूर होने की जताई उम्मीद

आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दीया जलाने का वीडियो शेयर किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की बात मानते हुए उनकी टीम ने आने वाले समय में राजस्थान के तमाम आदिवासी स्कूलों और कॉलेजों में 'आशीर्वाद का दीया' जलाने का फैसला किया है। रांका ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इन दीयों के बहाने ही सही, राजस्थान सरकार इन स्कूलों की स्थिति पर जरूर ध्यान देगी।

CJP प्रवक्ता ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी अपने 'स्कूल देखो अभियान' को और गति देगी। पार्टी अब आदिवासी बहुल इलाकों में संचालित सरकारी स्कूलों पर विशेष फोकस करने की बात कह रही है। इसी बीच राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को भी अल्टीमेटम दिया गया है। उनसे जल्द से जल्द सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने की मांग की गई है।

एक्शन नहीं हुआ तो भुगतना पड़ेगा खामियाजा: रांका

CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि यदि राजस्थान सरकार अब भी एक्शन मोड में नहीं आती है तो शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान के अलावा देश के अन्य राज्यों में भी 'स्कूल देखो अभियान' को और तेज किया जाएगा। रांका के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी स्कूलों की स्थिति में सुधार देखना चाहती है।

रांका ने कहा कि CJP सरकारों और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करना चाहती है। उनका कहना है कि पार्टी व्यवस्था में बदलाव लाने की कोशिश कर रही है। आशुतोष रांका ने दावा किया कि जयपुर के रामपुर-कंवरपुरा इलाके के वार्ड में बीजेपी को कॉकरोच जनता पार्टी के 'स्कूल देखो अभियान' के कारण ही हार का सामना करना पड़ा।

टीम पर हमले का भी किया जिक्र

बता दें कि इसी इलाके में कॉकरोच जनता पार्टी की टीम पर हमला भी किया गया था। रांका का दावा है कि राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के चलते बड़ी संख्या में निर्दलीय उम्मीदवारों को जीत मिली। साथ ही, इस बार नोटा को भी रिकॉर्ड वोट मिले हैं।

PM Narendra Modi Birthday Live: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्ज मेलोनी ने PM मोदी को जन्मदिन की बधाई दी

UPI चार्ज पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, गौरव गोगोई ने लगाए गंभीर आरोप, कहा- संसदीय समिति में नहीं हुई चर्चा

UPI पर GST की बात सिर्फ अफवाह, सरकार ने दी सफाई, कहा- MDR नियमों की कमियों को दूर करेंगे

क्या ड्रामा करने के लिए चुना है? PM मोदी के जन्मदिन के यज्ञ में शामिल हुईं रेखा गुप्ता, VIDEO देख भड़के कॉकरोच

Tata Sons के चेयरमैन पद पर एन चंद्रशेखरन अब पाएंगे इतनी सैलरी, जानें सालाना पैकेज और नेटवर्थ का सच