NEET Exam Controversy: शिक्षा के क्षेत्र में धांधली आम बात होती जा रही है। नीट यूजी परीक्षा के लिए जी-तोड़ मेहनत करने वाले छात्रों के लिए निराश करने वाली खबर सामने आ रही है। NEET 2026 की परीक्षा के बाद पेपर लीक हो जाने का अंदेशा है।
राजस्थान से सामने आए मामले में दावा किया जा रहा है कि नीट 2026 की परीक्षा से पहले एक सैंपल पेपर लाखों रुपयों में बेचा गया। इस सैंपल पेपर से तकरीबन 140 सवाल मूल परीक्षा की प्रति से मिलते जुलते पाए गए हैं। आशंका है कि पेपर लीक कर इसे बेचा गया है। अब इस मामले में जांच एजेंसियों ने तहकीकात करना शुरू कर दिया है।
राजस्थान से सामने आ रही खबरों की मानें तो जो सैंपल पेपर बरामद किया गया है उससे परीक्षा की मूल प्रति में पूछे गए सवाल हू-ब-हू मेल खाते हैं। बताया जा रहा है कि तकरीबन 140 सवाल ऐसे हैं जो ठीक-ठीक मेल खा रहे हैं। इसके बाद एनटीए ने मामले की जानकारी केंद्रीय जांच एजेंसी और राजस्थान पुलिस को दी। अब इस पूरे मामले की जांच राजस्थान एटीएस और एसओजी की टीमें कर रही हैं।
एसओजी की शुरूआती जांच में सामने आया है कि ये सैंपल पेपर केरल से जयपुर के सीकर ले आया गया था। अगर ऐसा होता है तो ये कंन्फर्म हो जाएगा कि इसके पीछे अन्य राज्यों से जुड़ा हुआ नेटवर्क भी काम कर रहा है। अब अधिकारी ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पेपर को ले आने में और बांटने में किसका हाथ है। इसके लिए कई जगहों पर छापेमारी भी की गई है।
यह भी पढ़ें:
रिपोर्ट्स की मानें तो कुछ लोगों ने छात्रों और अभिभावकों को मोटा पैसा लेकर ओरिजिनल जैसा पेपर देने का वादा किया था। अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि वाकई में ये पेपर लीक किया गया था या फिर पुराने पैटर्न पर बनाया गया गेस पेपर था।
इसके दूसरी तरफ एनटीए ने अपनी सफाई में कहा है कि नीट यूजी की परीक्षा पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच करवाई गई थी। कई लेवल के सिक्योरिटी पैरामीटर्स फॉलो किए गए थे। एनटीए का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच के पूरे हो जाने का इंतजार करना चाहिए। बताया जा रहा है कि एनटीए ने बीते 8 मई को ही सभी जानकारियां जांच एजेंसियों को दे दी थीं। इस विवाद के बाद एक बार फिर नीट की परीक्षा को लेकर छात्रों और अभिभावकों का भरोसा डगमगाने लगा है।