झुंझुनूं के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा।
रोड़ी मिलाने वाली मशीन 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आई।
करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हुए।
8 workers killed in Jhunjhunu: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलते ही वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
जानकारी के मुताबिक, झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में कदम कुंड की ओर जाने वाले रास्ते पर सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इस काम में रोड़ी मिलाने वाली मशीन लगाई गई थी। मजदूर निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई।
हाईटेंशन लाइन से करंट मशीन में उतर गया और उसके संपर्क में आए मजदूरों को बिजली का तेज झटका लगा। हादसा इतना भीषण था कि आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
इस हादसे में तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक साथ आठ मजदूरों की मौत से छापोली गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है। मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
सड़क निर्माण के दौरान मशीन के 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि निर्माण स्थल पर बिजली की लाइन को लेकर क्या सावधानियां बरती गई थीं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, यह राजस्थान पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।